ईडी रेड पर पिनाराई विजयन का बड़ा बयान, कहा राहुल गांधी को मिलेगी खुशी

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने अपने घर पर हुई ईडी की छापेमारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है और कहा कि इससे राहुल गांधी जैसे लोगों को काफी संतुष्टि मिलेगी।

केरलम की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के आवास पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विजयन के समर्थकों में भारी आक्रोश देखा गया और छापेमारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक वहां जमा हो गए और उन्होंने ईडी के अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस घटना ने केंद्रीय जांच एजेंसियों और राज्य के राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच के तनाव को और बढ़ा दिया है।

पिनाराई विजयन की पहली प्रतिक्रिया

छापेमारी के बाद अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में पिनाराई विजयन ने इसे पूरी तरह से एक राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि ईडी काफी समय से उनके घर की तलाशी लेने का अवसर तलाश रही थी। विजयन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि इस तलाशी से कुछ लोगों को, विशेष रूप से राहुल गांधी जैसे व्यक्ति को, बहुत अधिक संतुष्टि और खुशी मिलेगी। उन्होंने संकेत दिया कि यह कार्रवाई उन सवालों का परिणाम है जो राहुल गांधी अक्सर सार्वजनिक मंचों से उठाते रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने ही यह सवाल पूछा था कि पिनाराई विजयन के घर पर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है और उन्हें अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। विजयन ने आरोप लगाया कि केंद्र की बीजेपी सरकार देश भर में विपक्षी नेताओं को जान-बूझकर निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि इन कार्रवाइयों के खिलाफ पूरे देश में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुए हैं, लेकिन कांग्रेस का रुख दोहरा रहा है और विजयन के अनुसार, कांग्रेस चाहती है कि उनके अपने दल को छोड़कर अन्य सभी विपक्षी दलों के खिलाफ ईडी की दखलंदाजी और कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।

विजयन का कड़ा संदेश

पिनाराई विजयन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कदमों से उन्हें या उनकी पार्टी को डराया नहीं जा सकता और उन्होंने कहा, "इनमें से कोई भी चीज हमारा अंत नहीं कर पाएगी। " उन्होंने अपने विरोधियों को चेतावनी दी कि वे यह न सोचें कि ऐसी कार्रवाइयों से उनका सफाया किया जा सकता है। विजयन ने स्थानीय लोगों और अपनी पार्टी के साथियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कहा कि जब भी दुश्मनों ने उन पर हमला करने की कोशिश की है, उन्हें पार्टी का अटूट समर्थन मिला है। उन्होंने गर्व से कहा कि आज उनके साथियों ने यह साबित कर दिया है कि उस समर्थन में कोई कमी नहीं आई है और यही उनकी असली ताकत है।

सीएमआरएल मनी लॉन्ड्रिंग केस का पूरा विवरण

ईडी की यह ताजा कार्रवाई केरलम की एक प्रमुख कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित है। इस जांच के दायरे में पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन और कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारियों के ठिकाने भी शामिल हैं। यह पूरा मामला साल 2019 में तब चर्चा में आया था, जब आयकर विभाग ने सीएमआरएल के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

आयकर विभाग की उस जांच में 130 करोड़ रुपये के फर्जी खर्चों का खुलासा हुआ था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (एसएफआईओ) को सौंप दी गई थी। एसएफआईओ ने अपनी जांच में दावा किया कि कंपनी ने पिछले 15 साल के दौरान 182 करोड़ रुपये का फर्जी नकद खर्च दिखाया है। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी के एमडी एसएन ससीधरन और उनके बेटे सारन कार्ता को साल 2015-16 से साल 2022-23 के बीच वेतन और अन्य भुगतानों के रूप में लगभग 30 करोड़ 63 लाख रुपये दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि कंपनी ने इस दौरान अपने शेयरधारकों को कोई डिविडेंड (लाभांश) नहीं दिया, जिससे वित्तीय अनियमितताओं का संदेह और गहरा गया है।