प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए देश के युवाओं और कौशल विकास के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर सोने की कीमतों और अपनी पुरानी अपील का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझ जैसे एक साधारण व्यक्ति के कहने पर कि सोना कम खरीदें, देशवासियों ने मेरी बात मानी और सोना कम खरीदा, जिसके परिणामस्वरूप सोने की कीमतें गिर गईं। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से देश का काफी पैसा भी बच गया है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अगले एक और साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील दोहराई है।
ITI और IIT का समान सम्मान
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि ITI में पढ़ने वाले छात्रों का सम्मान उतना ही होगा जितना IIT में पढ़ने वाले छात्रों का होता है। उन्होंने कहा कि चाहे IIT हो या ITI, ये देश की असली संपत्ति और भविष्य हैं। उन्होंने बताया कि वे सुबह दिल्ली से बंगाल गए थे और वहां IIT के छात्रों के बीच थे, और उसी उत्साह के साथ वे आज ITI के छात्रों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि ITI में जो कौशल सीखा गया है, वही विकसित भारत की असली ऊर्जा है।
कौशल और इतिहास पर प्रहार
पीएम मोदी ने लखनऊ की चिकनकारी का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की पुरानी समाज व्यवस्था कौशल के इर्द-गिर्द ही बुनी गई थी। उन्होंने आक्रांताओं और अंग्रेजों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भारत के कौशल को नष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जब कोई अच्छी चीज बनाता था तो उसके अंगूठे काट दिए जाते थे। अंग्रेजों ने भी भारत के कौशल को तबाह कर अपने यहां मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया।
रोजगार और भविष्य की राह
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से सरकार ने 5000 नए ITI बनाए हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत के बने मोबाइल फोन की मांग है। उन्होंने यह भी कहा कि सऊदी अरब में रॉयल फैमिली भारत के कौशल का गुणगान करती है। उन्होंने कहा कि कागजी सर्टिफिकेट लेकर घूमने वालों से ज्यादा कद्र स्किल्ड लोगों की होने वाली है।
राजनीतिक और सुरक्षा पर टिप्पणी
सपा पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में पहले सूरज ढलने के बाद बेटियों की सुरक्षा को लेकर जो डर था, वह अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का स्किल कैपिटल बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने घोषणा की कि 2027 में वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। अंत में उन्होंने कहा कि बीते 12 से 13 वर्षों में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
