Rajasthan Election / महिलाओं को प्रियंका गाँधी करेंगी 10 हजार देने की घोषणा!- राजस्थान में होगा योजना का वादा

Zoom News : Oct 25, 2023, 01:43 PM
Rajasthan Election: कांग्रेस की दो लिस्ट में 76 उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पार्टी के बड़े नेताओं की राजस्थान में सभाओं का दौर भी शुरू हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर प्रियंका गांधी की बुधवार को दूसरी सभा होने जा रही है। ये सभा झुंझुनूं जिले के अरडावता में दोपहर एक बजे होगी। सभा को लेकर सियासी चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। क्योंकि प्रियंका की लगातार दूसरी सभा पायलट समर्थक नेता के क्षेत्र में हो रही है। इसे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

वहीं, जनसभा में प्रियंका गांधी कर्नाटक की तर्ज पर गृह लक्ष्मी गारंटी योजना की घोषणा कर सकती हैं। इस योजना में परिवार की महिला मुखिया को सालाना 10 हजार रुपए देने का ऐलान किया जा सकता है।

इससे पूर्व जोधपुर में मुख्यमंत्री अशाेक गहलोत ने कहा कि इस सभा में कई बड़ी घोषणाएं होने वाली हैं। प्रियंका कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे शीशराम ओला की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगी।

महिलाओं के लिए पहले भी की कई घोषणाएं

प्रियंका गांधी अरडावता की सभा में बड़ी चुनावी घोषणााएं भी कर सकती हैं। इसमें गृह लक्ष्मी गारंटी योजना प्रमुख है। इसमें कांग्रेस सरकार बनने पर हर महिला के खाते में सम्मान राशि देने की गारंटी का वादा किया जाएगा।

गहलोत सरकार ने महिला वोटर्स को साधने के लिए इससे पहले भी कई घोषणाएं की थीं। इसमें महिलाओं को फ्री मोबाइल, फ्री राशन, महिलाओं को रोडवेज में 30 फीसदी किराए में यात्रा जैसी स्कीम्स शामिल हैं। अब महिलाओं के खाते में हर साल 10 हजार रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा से चुनावी माहौल बदलने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस को फ्री स्कीम्स और ओपीएस का चुनावी लाभ हिमाचल और कर्नाटक में मिला है। इन चुनावों में राजस्थान मॉडल का उदाहरण दिया गया था, अब फ्री स्कीम्स पर और ज्यादा जोर दिया जा रहा है।

पायलट समर्थक विधायक के इलाके में सभा से सियासी मैसेज

अरड़ावता कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे शीशराम ओला का गांव है। यहां की सभा को शेखावाटी के जातीय समीकरण साधने के हिसाब से भी अहम माना जा रहा है।

प्रियंका गांधी की शेखावाटी के जिस इलाके में सभा हो रही है, उसके इलाके के अलावा कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के हिसाब से भी कई मैसेज छिपे हैं। पायलट समर्थक विधायक बृजेंद्र ओला आज की सभा करवा रहे हैं।

प्रियंका बृजेंद्र ओला के पिता शीशराम ओला की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। शीशराम ओला का शेखावाटी की राजनीति में प्रभाव रहा है।

शोभारानी कुशवाह सहित कई नेता कांग्रेस में शामिल होंगे

प्रियंका गांधी की सभा में बीजेपी से कई नेता कांग्रेस में शामिल होंगे। धौलपुर से बीजेपी की विधायक शोभारानी कुशवाहा ​प्रियंका की सभा में कांग्रेस में शामिल होंगी। शोभारानी कुशवाह को राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग करने पर पिछले साल बीजेपी से निकाल दिया था, तब से वे कांग्रेस का समर्थन कर रही हैं।

शोभारानी को धौलपुर से कांग्रेस का टिकट दिया जा सकता है। राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा के भी आज इस सभा में कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है। किशनगढ़ से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके विकास चौधरी इस सभा में कांग्रेस जॉइन कर सकते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER