बॉलीवुड / छेड़खानी की शिकायत पर मारी गोली तो भड़कीं रवीना टंडन, पूछा- कितने रेप-मर्डर का इंतजार करेंगे?

Jansatta : Jul 21, 2020, 03:58 PM
Raveena Tandon: उत्तर प्रदेश में क्राइम का स्तर बढ़ता ही जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण इस खबर से सामने आया है जहां एक पत्रकार को बेटी के सामने गोली मारी गई। एक्ट्रेस रवीना टंडन ने इस खबर के बारे में जानकारी होने के बाद ट्वीट किया और अपने पोस्ट में उन्होंने चिंता जाहिर की। साथ ही छेड़खानी के मामलों में प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने को लेकर एक्ट्रेस भड़कती हुई भी नजर आईं।

रवीना टंडन ने एक पोस्ट शेयर किया जिसमें कैप्शन में लिखा गया था। ‘ग़ाज़ियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। आरोप है कि 5 लड़कों के ख़िलाफ़ भांजी के साथ छेड़खानी की शिकायत पुलिस से की गयी थी, जिस पर कारवाई नहीं हुई और उन्हीं आरोपियों ने हमला किया। @ghaziabadpolice ने हमले के बाद 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।’

रवीना ने इस ट्वीट को शेयर करते हुए अपने पोस्ट में लिखा- ”आखिर कब कानून और कानून के रखवाले महिलाओं के प्रति हो रही हिंसात्मक घटनाओं को गंभीर रूप से लेंगे? और कितने रेप? कितने मर्डर? कितनी ऐसी और घटनाओं की जरूरत है तब जाकर आंखों खुलेंगी? गाजियाबाद पुलिस?”

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि 4-5 दिनों पहले विक्रम जोशी की भतीजी के साथ कुछ लड़कों ने बदतमीजी और छेड़खानी की थी। इस घटना के बाद उन्होंने विजय नगर पुलिस थाने में केस दर्ज कराया था। हालांकि पुलिस ने किसी भी आरोपी लड़कों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। जोशी के परिजनों का दावा है कि इन्हीं लड़कों में से किसी लड़के ने विक्रम जोशी को गोली मारी है।

बता दें, गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी पर गोली चलाई। सीसीटीवी फुटेज सामने आऩे के बाद सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि विक्रम जोशी बाइक में अपनी बेटी के साथ  रास्ते में जा रहे होते हैं तभी कुछ बदमाश उन्हें घेर लेते हैं। इसके बाद उन्हें गोली मारी जाती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER