दुनिया / यूक्रेन के 3 लड़ाकू विमानों को मार गिराया...बातचीत के बीच रूस का दावा

Zoom News : Jul 13, 2022, 10:18 PM
रूस और यूक्रेन के बीच 139 दिनों से जारी युद्ध दिन पर दिन गंभीर रूप लेता जा रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के तीन लड़ाकू विमानों का मार गिराया है। रूस ने कहा है कि उसने जिन विमानों को मार गिराया है उसमें Su-25 और Su-24 लड़ाकू जेट शामिल हैं। इन्हें पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र में मार गिराया गया है, जबकि तीसरा लड़ाकू जेट मिग-29 था। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी लड़ाकू विमान सोवियत डिजाइन के विमान हैं जिनका इस्तेमाल यूक्रेन की वायु सेना कर रही है। हालांकि, लड़ाकू विमान को मार गिराने के दावे को लेकर यूक्रेन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। रूस की ओर से यह दावा ऐसे समय किया गया है जब दोनों देशों के बीच अनाज निर्यात पर गतिरोध को तोड़ने के लिए बातचीत शुरू हुई है।

यूक्रेन गेहूं, जौ और मक्का का महत्वपूर्ण निर्यातक

यूक्रेन गेहूं, जौ और मक्का का एक महत्वपूर्ण निर्यातक है। वैश्विक बाजार में सूरजमुखी के तेल की लगभग आधी आपूर्ति में यूक्रेन का योगदान रहता है। दोनों देशों के अधिकारियों ने चर्चा के लिए बुधवार को संयुक्त राष्ट्र और तुर्की के अधिकारियों से मुलाकात की। रूस और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच 29 मार्च को इस्तांबुल में हुई एक बैठक के बाद पहली बार फेस-टू-फेस मीटिंग हुई है।

420 सैनिक मारे जाने का दावा

रूसी विमानों के मायकोलाइव में उच्च क्षमता के हथियारों से किए गए हमले में लगभग 420 सैनिक मारे गए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय (आरडीएम) ने बुधवार को पत्रकारों बताया कि दुश्मनों को सभी दिशाओं में काफी नुकसान हुआ है। मायकोलाइव के शिपयार्ड क्षेत्र में उच्च क्षमता वाली हवाई मिसाइलों के हमलों में यूक्रेनी सेना के 350 जवान मारे गए तथा सैन्य उपकरणों की 20 इकाइयों को नष्ट कर दिया गया। मंत्रालय ने कहा कि रूस के विमानों ने पश्चिमी मायकोलाइव में अस्थाई रुप से बनाई गई यूक्रेन सेना की इकाई पर भी निशाना साधा गया और उसे नष्ट कर दिया गया। इसमें 70 जवान मारे गए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER