CoronaVirus / वैज्ञानिकों का दावा- घर में बने मास्क बड़े रोग कणों को रोकने में कारगर

News18 : Sep 20, 2020, 06:52 AM
Delhi: वैज्ञानिकों ने घर में निर्मित सामान्य कपड़े के मास्क का अध्ययन (Study) करने पर पाया है कि ये मास्क (Mask) खांसी और छींक से फैलने वाले बड़े रोग कणों को रोक पाने में कामयाब हैं और यहां तक कि एक परत वाले घर में बने मास्क भी समान रूप से कारगर हैं। पूर्व में वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययनों में छोटे और सूक्ष्म रोग कणों के प्रसार पर ध्यान केंद्रित किया था, लेकिन इलिनोइस यूनिवर्सिटी के अनुसंधानकर्ताओं का कहना है कि बोलने, खांसने और छींकने से बड़े रोग कण निकलते हैं। इनका आकार व्यास में लगभग एक मिलीमीटर तक का होता है और इनके जरिए विषाणु का प्रसार हो सकता है। 

उन्होंने कहा कि बड़े रोग कण एक खतरा हैं क्योंकि वे गति तेज होने पर कुछ तरह के कपड़े (मास्क) की सतह में घुस सकते हैं और छोटे कणों में विभाजित होकर हवा के जरिए फैल सकते हैं। अध्ययन रिपोर्ट पत्रिका एक्स्ट्रीम मकैनिक्स लेटर्स में प्रकाशित हुई है। इसमें कहा गया है कि घर में निर्मित सामान्य कपड़े के मास्क खांसी और छींक से फैलने वाले बड़े रोग कणों को रोक पाने में कामयाब हैं और यहां तक कि इस तरह के एक परत वाले मास्क भी समान रूप से कारगर हैं। 

उल्लेखनीय है कि, दुनिया के कई देशों में अब भी कोरोना का कहर जारी है। दुनिया में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 30,697,825 हो गई है। दुनिया भर में अब तक कोरोना महामारी से 2।23 करोड़ से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं।

अमेरिका में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 6,925,941हो गई है, जबकि वहां 203,171 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। भारत, ब्राजील, रूस और पेरू जैसे देशों में भी मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER