बॉलीवुड | रणबीर कपूर और वाणी कपूर की फिल्म शमशेरा थिएटर में रिलीज होने के एक महीने बाद ही हाल ही में ओटीटी पर रिलीज हुई है। हालांकि ओटीटी में रिलीज होने के बाद भी फिल्म के एक सीन को लेकर काफी मजाक बनाया जा रहा है। उस सीन को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए मजेदार मीम बनाए जा रहे हैं। दरअसल, ट्विटर यूजर्स ने फिल्म देखने के बाद नोटिस किया कि एक सीन में रणबीर और वाणी, बच्चे को पकड़े नजर आके हैं। लेकिन ध्यान से देखें तो बच्चे का चेहरा नजर ही नहीं आता है और वो सीन साफ फेक नजर आ रहा है।
करण मल्होत्रा द्वारा डायरेक्ट फिल्म के सीन में दिखेगा कि शायद मेकर्स ने सिर्फ एक कपड़े को एक बच्चे की तरह बनाया हुआ था। लेकिन फाइट सीक्वेंस में इसका पता चल गया। अब यूजर्स इस सीन को लेकर जो पोस्ट कर रहे हैं उसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे।
यूजर्स कमेंट कर रहे हैं कि जाहिर सी बात है कि एक्शन सीक्वेंस है तो यहां रियल बेबी नहीं रख सकते थे, लेकिन कम से कम एडिट करके वहां किसी बेबी की झलक दिखा देते।
दरअसल, फिल्म में आप देखेंगे कि वाणी तब बच्चे को जन्म देती है जब वह दरोगा शुद्ध सिंह के गुंडो से घिरी होती है। हालांकि जब क्लाइमेक्स में रणबीर कपूर, बल्ली बनकर अपनी पत्नी और बेटे के लिए आते हैं तब वाणी एक ग्रे कपड़े को पकड़े नजर आती हैं और जब वो कपड़ा उड़ जाता है को पता चलता है कि उस कपड़े के अंदर कुछ नहीं है।
बता दें कि शमशेरा 22 जुलाई को थिएटर में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणबीर, वाणी के अलावा संजय दत्त, रोनित रॉय और सौरभ शुक्ला अहम किरदार में थे। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल था और हाल ही में फिल्म प्राइम वीडियो में स्ट्रीम हुई है।
