जंग के बीच प्यार की तस्वीर / चेकप्वाइंट पर सैनिक जोड़े ने रचाई शादी, एक-दूसरे को किया किस फिर संभाला रूस के खिलाफ मोर्चा

Zoom News : Mar 07, 2022, 10:45 AM
यूक्रेन इस समय जल रहा है। पिछले 12 दिन से यह देश रूसी मिसाइलों, बमबारी और टैंकों की आवाज से कांप रहा है। हालांकि, रूस की असीमित ताकत के सामने यूक्रेनी सैनिकों ने जो हिम्मत दिखाई है, उसने व्लादिमिर पुतिन को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया है। इस जंग में सबसे अहम है यूक्रेनी सैनिकों का हौसला, जिसे बड़े-बड़े टैंक और अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट भी डिगा नहीं पाए हैं। 

यूक्रेन में जंग के बीच ऐसी ही एक तस्वीर सामने आई है, जो रूस क्या किसी भी हमलावर को सोचने पर मजबूर कर देगी। दरअसल, यूक्रेनी सेना में एक प्रेमी जोड़े की तस्वीर सामने आई है, इसमें दोनों शादी करते हुए दिखाई देते हैं। इस जोड़े के चेहरे पर न किसी तरह का अफसोस है और न ही रूसी हमलों का खौफ। उल्टा उनका हौसला रूस के हौसले को जरूर पस्त कर देगा। 

चेकप्वाइंट पर ही रचाई शादी

यूक्रेनी प्रेमी जोड़े 'वलेरी और लेसिया' की शादी का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह साथी सैनिकों से घिरे हुए हुए दिखाई दे रहे हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, कीव के बाहरी इलाके में एक चेकप्वाइंट पर दोनों ने शादी रचाई। इसमें वलेरी और लेसिया भी सैन्य ड्रेस में नजर आ रहे हैं। 

सैनिकों की ओर से किया गया छोटा आयोजन 

सैन्य जोड़े की शादी के लिए यूक्रेनी सैनिकों की ओर से ही एक छोटा सा आयोजन किया गया। इसमें कीव के मेयर भी शामिल हुए। शादी के बाद दोनों ने एक दूसरे को वाइन पिलाई। 

शादी के बाद फिर संभाला मोर्चा

सैन्य प्रेमी जोड़े ने एक छोटे से समारोह में शादी रचाने के बाद फिर से रूस के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। यह प्रेमी जोड़ा यूक्रेन की राजधानी कीव की सुरक्षा के लिए डटा हुआ है। दरअसल, रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले का आज 12वां दिन है। इस बीच दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी होनी है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER