SRH vs CSK Live Score, IPL 2022 / ऋतुराज और मुकेश ने हैदराबाद को किया पस्त, धोनी के आते ही चेन्नई की जीत

Zoom News : May 01, 2022, 11:13 PM
IPL 2022 के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रन से हरा दिया है। SRH के सामने 203 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 189/6 का स्कोर ही बना सकी और मुकाबला हार गई। निकोलस पूरन नाबाद (64) टॉप स्कोरर रहे। CSK की ओर से मुकेश चौधरी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए।


आधे सीजन की नाकामी के बाद एक बार फिर से CSK धोनी की कप्तानी में मैदान पर वापस लौटी और शानदार जीत दर्ज की। चेन्नई की 9 मैचों में ये तीसरी जीत है। टीम को 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, SRH की 9 मैचों में ये चौथी हार है। विलियमसन की टीम ने लगातार 5 मैच जीते हैं।


इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 202 रन का स्कोर बनाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने धमाकेदार पारी खेलते हुए 99 रन बनाए, वहीं कॉनवे ने नाबाद 85 रन बनाए। SRH की ओर से टी नटराजन ने 2 विकेट अपने नाम किए।


मुकेश ने लिए 4 विकेट

युवा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने अभिषेक शर्मा (39), राहुल त्रिपाठी (0), शशांक सिंह (15) और वॉशिंगटन सुंदर (2) को आउट किया।


केन की बढ़िया पारी

बड़े टारगेट का पीछा करते हुए केन विलियमसन 37 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। उनको प्रिटोरियस ने LBW आउट किया। हालांकि, अंपायर के फैसले के खिलाफ जाते हुए केन ने रिव्यू लिया, लेकिन रिप्ले में नजर आया कि गेंद मिडिल स्टंप पर लग रही थी। विलियमसन आउट हुए।


अच्छी शुरुआत के बाद SRH को लगे लगातार 2 झटके

टारगेट का पीछा करते हुए SRH की शुरुआत धमाकेदार रही। पहले विकेट के लिए केन विलियमसन और अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में 58 रन जोड़े। तेज तर्रार बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक 24 गेंदों में 39 रन बनाकर मुकेश चौधरी की गेंद पर आउट हुए। उनका कैच वाइड लॉन्ग ऑन पर प्रिटोरियस ने पकड़ा। अगली ही गेंद पर राहुल त्रिपाठी गोल्डन डक पर अपना विकेट गंवा बैठे।


  • अभिषेक शर्मा इस सीजन 9 पारियों में 324 रन बना चुके हैं।
  • राहुल त्रिपाठी IPL में तीसरी बार शून्य पर आउट हुए।
  • एडेन मार्करम 10 गेंदों में 17 रन बनाकर सेंटनर की गेंद पर आउट हुए।

शतक से चूक गए ऋतु

ऋतुराज गायकवाड़ 57 गेंदों पर 99 रन बनाकर आउट हुए। नटराजन की गेंद पर थर्डमैन पर भुवनेश्वर कुमार ने उनका कैच पकड़ा। वह भले ही अपने शतक से केवल 1 रन से चूक गए हो, लेकिन उन्होंने अपनी पारी से फैंस का दिल जीत लिया। अपनी पारी में गायकवाड़ ने 6 चौके और 6 सिक्स जड़े।


  • IPL में 99 पर आउट होने वाले गायकवाड़ 5वें खिलाड़ी बने।
  • आखिरी के 5 ओवर में चेन्नई ने 49 रन बनाए।
  • कप्तान धोनी 7 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुए।
  • CSK ने IPL में 22वीं बार 200+ का स्कोर बनाया।
  • उमरान मलिक ने 4 ओवर में 48 रन खर्च किए।

CSK के ओपनर्स का कमाल

CSK की नई ओपनिंग जोड़ी गायकवाड़ और कॉनवे ने टीम को जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 107 गेंदों पर 182 रन जोड़े। ये जोड़ी हैदराबाद के लिए परेशानियां खड़ी कर थी। इस साझेदारी को नटराजन ने ऋतुराज (99) को आउट कर तोड़ा।


कॉनवे का पहला अर्धशतक

IPL में अपना दूसरा ही मुकाबला खेल रहे कीवी ओपनर डेवोन कॉनवे ने 38 गेंदों में छक्का लगाकर अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। पारी के 15वें ओवर में कॉनवे ने मार्को येन्सन के खिलाफ 19 रन बनाए। पहली गेंद पर उन्होंने फाइन लेग पर सिक्स लगाया। तीसरी गेंद को बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर चौके के लिए भेजा। चौथी गेंद पर डेवोन ने मिड ऑफ पर छक्का लगाया। उन्होंने 55 गेंदों पर 85 रन की नाबाद पारी खेली।


पावर प्ले में CSK ने दिखाया दम

टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई की सधी हुई शुरुआत देखने को मिली। ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने पावर प्ले में बिना विकेट गंवाए 40 रन जोड़े। इस दौरान टीम की ओर से 2 चौके और 2 ही छक्के देखने के मिले।


सचिन के क्लब का हिस्सा बने गायकवाड़

अपनी पारी का 23वां रन बनाने के साथ ही CSK के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ संयुक्त रूप से सचिन तेंदुलकर के साथ IPL में सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ऋतुराज ने अपनी 31वीं पारी में ये रिकॉर्ड बनाया। सचिन ने भी 31 पारी खेलकर ये रिकॉर्ड बनाया था। वहीं, Mr. IPL सुरेश रैना ने 34 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी।


धोनी का बड़ा बयान

ये मैच खास है क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी की बतौर कप्तान वापसी हो रही है। शनिवार को रवींद्र जडेजा ने चेन्नई की कप्तानी छोड़ वापस धोनी को सौंप दी थी। टॉस के वक्त धोनी से सवाल हुआ कि क्या वह आगे भी येलो जर्सी (CSK के लिए) खेलते हुए नजर आएंगे। इस पर धोनी ने हंसते हुए जवाब दिया और कहा- बिल्कुल, आप मुझे येलो जर्सी में ही देखोगे, लेकिन वो ये होगी या कोई और उसके बारे में नहीं पता।


दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

SRH ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, चेन्नई ने 2 चेंज करते हुए ड्वेन ब्रावो और शिवम दुबे की जगह डेवोन कॉनवे और सिमरजीत सिंह को मौका दिया है।


SRH: अभिषेक शर्मा, केन विलियमसन (C), राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन (W), शशांक सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, मार्को येन्सन, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक, टी नटराजन।


CSK: ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, डेवोन कॉनवे, अंबाती रायडू, सिमरजीत सिंह, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (w/c), मिचेल सेंटनर, ड्वेन प्रिटोरियस, मुकेश चौधरी, महेश थीक्षाणा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER