नागरिकता कानून विरोध / यूपी में पुलिस पर पथराव, सात वाहन फूंके, बिहार में भी जमकर हुआ बवाल

Live Hindustan : Dec 22, 2019, 10:17 AM
नई दिल्ली | नागरिकता कानून को लेकर जारी बवाल शनिवार को यूपी के साथ-साथ बिहार तक फैल गया। यूपी के रामपुर में  भीड़ ने पुलिस पर पथराव हुआ। सात वाहन फूंक दिए गए। झड़प में एक शख्स की मौत हो गई। कानपुर में भी जमकर बवाल हुआ। राज्य में अब तक 15 की मौत हुई है। बिहार में राजद ने प्रदेश बंद रखा। इस दौरान तोड़फोड़ हुई और रेल व सड़क यातायात ठप रहा। हालांकि, दिल्ली में शांति रही। छात्रों ने जामिया विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। 

कई गिरफ्तार :

यूपी के कानपुर में हिंसा पर उतारू भीड़ ने पथराव किया और यतीमखाना पुलिस चौकी फूंक दी। सपा विधायक को हिरासत में लिया गया।  अमरोह में दारोगा की बाइक जला दी। कासगंज में अफवाहें रोकने के लिए इंटरनेट बंद किया गया। हिंसा के सिलसिले में प्रदेश भर से सैकड़ों लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

शांति की अपील :

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शांति की अपील करते हुए कहा कि उपद्रव और हिंसा की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।  

बिहार में तोड़फोड़, आगजनी:

राजद के बंद के दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गांधी सेतु जाम कर दिया। पटना-हाजीपुर में कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पटना में ऑटो और सिटी बसें भी बंद रहीं। दरभंगा, सीवान में हिंसा हुई। वैशाली में हाईवे कई घंटे जाम रहा। 

दिल्ली में 21 गिरफ्तार :

राजधानी में शनिवार को शांति रही। जामिया के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पुलिस ने सीलमपुर में हिंसा के लिए पांच और दिल्ली गेट के पास पुरानी दिल्ली से 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीलमपुर इलाके में पुलिस ने मार्च निकाला। 

वक्फ बोर्ड ने वित्तीय मदद का ऐलान किया : 

दिल्ली वक्फ बोर्ड ने शनिवार को घोषणा की कि हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिवारों को वह 5.5-5.5 लाख की वित्तीय मदद देगा। बोर्ड अध्यक्ष और आप विधायक अमानतुल्ला खान ने एक फेसबुक पोस्ट में यह बात कही। 

आक्रोश

मध्य प्रदेश: जबलपुर में 35 गिरफ्तार। मुख्यमंत्री कमलनाथ मार्च निकालेंगे 

केरल : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने पानी की बौछार छोड़ी

तमिलनाडु : चेन्नई में रेलवे स्टेशन पर धरना। पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प 

कर्नाटक: भाकपा सांसद विनय विश्वम और कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए 

असम: तिनसुकिया में कफ्र्यू। डिब्रूगढ़ में 16 घंटे कफ्र्यू में ढील। इंटरनेट बंद  

सिक्किम : छह दल एकजुट हुए। इनर लाइन परमिट जारी करने की मांग 

कार्रवाई

 यूपी में 31 जनवरी 2020 तक धारा 144 जारी रखने का फैसला

 दिल्ली में भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया गया 

 मुंबई में 20 लोग गिरफ्तार, तीन सौ के खिलाफ मामला दर्ज 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER