SRH vs RCB Live Score, IPL 2022 / बैंगलोर ने हैदराबाद को 67 रनों से दी मात, डुप्लेसी और हसारंगा रहे आरसीबी की जीत के हीरो

Zoom News : May 08, 2022, 07:33 PM
IPL के 54वें मैच में RCB ने SRH को 67 रन से हरा दिया है। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन राहुल त्रिपाठी ने बनाए। उनके बल्ले से 37 गेंद में 58 रन निकले। राहुल के अलावा और कोई भी बल्लेबाज SRH के लिए अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाया।


वहीं, बेंगलुरु के लिए वानिंदु हसरंगा ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। हसरंगा ने एक ओवर मेडन भी डाला और पूरी SRH टीम की कमर तोड़ कर रख दी। जोस हेजलवुड ने भी RCB के लिए शानदार गेंदबाजी की और 3 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।


इस जीत के साथ RCB के 14 अंक हो गए हैं और प्ले-ऑफ में पहुंचना उनके लिए और आसान हो गया है। वहीं, SRH के इस हार के बाद सिर्फ 10 अंक हैं। अब उन्हें प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए आने वाले अपने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी और नेट रन रेट को भी बेहतर करना होगा।


SRH को लगे शुरुआती झटके

हैदराबाद की पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान केन विलियमसन रन आउट हो गए। शाहबाज अहमद ने कवर प्वाइंट से शानदार थ्रो किया और गेंद जाकर विकेट पर लगी। इससे पहले RCB की पारी में भी कोहली का विकेट पहली गेंद पर गिरा था। वहीं, पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने अभिषेक शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया।


इन दोनों के आउट होने के बाद मार्करम भी ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 27 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो गए।


फाफ कार्तिक की शानदार बल्लेबाजी

बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने बनाए। उन्होंने 50 गेंद में 73 रन की पारी खेली। वहीं, रजत पाटीदार के बल्ले से 48 रन और मैक्सवेल ने 24 गेंद में 33 रन बनाए। आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक का बल्ला भी खूब बोला और उन्होंने सिर्फ 8 गेंद में 30 रन बना दिए। 20वें ओवर में तो दिनेश ने 3 छक्का और 1 चौका लगाया। लास्ट के पांच ओवर में RCB के बल्लेबाजों ने 67 रन बना दिए।


SRH के लिए सबसे ज्यादा विकेट जे सुचित ने लिए। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन दिए और 2 बल्लेबाजों को आउट किया।


विराट का खराब फॉर्म जारी

मैच की पहली ही गेंद पर विराट कोहली गोल्डन डक पर आउट हो गए। जे सुचित ने उन्हें पैरों पर फुलर लेंथ की गेंद डाली जिसे विराट फ्लिक करने गए और गेंद सीधे विलियमसन के हाथों में चली गई। इस सीजन विराट तीसरी बार जीरो पर आउट हुए हैं। हैदराबाद के खिलाफ पहले मुकाबले में भी विराट अपना खाता नहीं खोल पाए थे। वहीं, लखनऊ के खिलाफ मैच में विराट गोल्डन डक पर आउट हो गए थे।


फाफ-रजत के बीच हुई 105 रन की पार्टनरशीप

विराट कोहली के आउट होने के बाद बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और रजत पाटीदार के बीच तीसरे विकेट के लिए 73 गेंद में 105 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी में रजत के बल्ले से 38 गेंद में 48 रन तो वहीं, फाफ के बल्ले से 35 गेंद में 52 रन निकले।


उमरान मलिक के पहले ओवर में 20 रन

शानदार फॉर्म में चल रहे उमरान मलिक की पहले ही ओवर में रजत पाटीदार और फाफ डु प्लेसिस ने जमकर धुनाई कर दी। दोनों ने मिलकर ओवर में 20 रन बना दिए। इस ओवर में 3 चौका और एक छक्का लगा।


दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन


बेंगलुरु- रजत पाटीदार, फाफ डु प्लेसिस, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक, ग्लेन मैक्सवेल, वानिंदु हसरंगा, शाहबाज अहमद, महिपाल लोमरोर, मोहम्मद सिराज, हर्षल पटेल, जोश हेजलवुड


हैदराबाद- केन विलियमसन, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, शशांक सिंह,अभिषेक शर्मा, फजल हक फारुकी,भुवनेश्वर कुमर, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी, जे सुचित

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER