क्रिकेट / तालिबान सकारात्मक सोच के साथ आया है, क्रिकेट को कर रहा है सपोर्ट: शाहिद अफरीदी

Zoom News : Aug 31, 2021, 02:37 PM
क्रिकेट: अफगानिस्तान में तालिबान का राज आने के बाद सबसे ज्यादा खुशी पाकिस्तानियों में है। पहले खुद पाकिस्तानी पीएम इमरान खान और उनके मंत्रियों ने तालिबान की तारीफों के पुल बांधे और अब मुल्क के क्रिकेट खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने भी तालिबान का समर्थन किया है। शाहिद अफरीदी ने कहा है कि तालिबान इस बार सकारात्मक सोच के साथ सत्ता में लौटा है। 

पाकिस्तानी पत्रकार नायला इनायत ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें अफरीदी को रिपोर्टर्स से यह कहते सुना जा सकता है कि तालिबान महिलाओं को काम करने की इजाजत दे रहा है और क्रिकेट को पसंद करता है।

अफरीदी रिपोर्टर्स से कहते हैं, 'नो डाउट, तालिबान आए हुएं हैं इस वक्त। लेकिन बड़े पॉजिटिव माइंड के साथ आए हुए हैं। महिलाओं को काम करने दे रहे हैं, पॉलिटिक्स में जाने की इजाजत है...और मुझे लगता है कि तालिबान को क्रिकेट बहुत पसंद है।'

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान भी कई मौकों पर तालिबान का समर्थन कर चुके हैं। अफगान में तालिबानी राज आने से पहले ही इमरान ने उनकी पैरवी शुरू कर दी थी। इसी साल जुलाई माह में इमरान ने कहा था कि तालिबान कोई आतंकवादी संगठन नहीं बल्कि आम नागरिक हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER