Weather Today / पश्चिम विक्षोभ से तापमान में कमी, यहां चलेगी आंधी तो यहां हो सकती है बारिश, जानिए मौसम का हाल

Zoom News : Apr 14, 2022, 08:34 AM
पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्तर-पश्चिमी व मध्य के हिस्सों में तापमान में मामूली कमी आई है और लू से भी अभी राहत मिली है। 18 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने वाला है, इसलिए तापमान में गिरावट की संभावना है। हरियाणा और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी या हल्की धूल भरी आंधी आ सकती है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश संभव है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर कुछ कम होगा। बादल छाए रहने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी का अनुमान है। राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गर्मी कुछ कम होगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम हिस्से में यह असर दिख रहा है। 

दिल्ली में तापमान 40 डिग्री से कम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले पांच-छह दिनों तक लू का अनुमान नहीं है। हवा चलनने और बादल छाए रहने से गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रह सकता है। दिल्ली में नौ से 11 अप्रैल तक गर्मी का कहर बरपा। पिछले 72 साल में अप्रैल के पहले 15 दिनों का यह सबसे ज्यादा तापमान था। 

पूर्वी यूपी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और पंजाब के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। ट्रफ रेखा विदर्भ से मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और उत्तरी केरल होते हुए दक्षिण पूर्व अरब सागर तक फैली हुई है।

यहां हुई बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान, केरल, तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और आंतरिक ओडिशा में भी छिटपुट हल्की वर्षा हुई। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली और एनसीआर में के कुछ हिस्सों में धूल भरी हवाएं चल रही हैं।

अगले 24 घंटों का अनुमान 

सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी या हल्की धूल भरी आंधी आ सकती है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश संभव है। पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।

 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER