IPL 2022 / बैंगलोर के खिलाफ मैच धोनी के लिए होगा खास, दो रिकॉर्ड्स पर रहेंगी नजरें, लेकिन कोहली से रह जाएंगे पीछे

Zoom News : May 04, 2022, 07:07 PM
आईपीएल 2022 के 49वें मैच में आज पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) से होगा। आज का मैच सीएसके और उनके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (एमएस धोनी) के लिए खास होगा, क्योंकि धोनी की नजरें आज दो रिकॉर्ड्स पर होंगी। हालांकि, इन दोनों मामलों में वह विराट कोहली से पीछे जरूर रह जाएंगे।


दरअसल आज धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में 200वां मैच खेलेंगे। मैदान पर उतरते ही धोनी यह मुकाम हासिल कर लेंगे। किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 या इससे ज्यादा मैच खेलने के मामले में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं। विराट ने बैंगलोर के लिए आईपीएल में अब तक 217 मुकाबले खेले हैं। धोनी को 2016 और 2017 में चेन्नई पर बैन लगने के बाद दूसरी फ्रेंचाइजी से खेलना पड़ा था, वरना वह कोहली से आगे होते।

महेंद्र सिंह धोनी

बतौर कप्तान धोनी पूरे करेंगे छह हजार रन

दरअसल, इस सीजन के शुरू होने से पहले धोनी ने सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी रवींद्र जडेजा को दी थी, लेकिन आठ मैचों में छह हार के बाद दबाव का सामना कर रहे रवींद्र जडेजा ने कप्तानी फिर से धोनी को सौंप दी। उनका कहना था कि वह कप्तानी के दबाव की वजह से कप्तानी पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं। धोनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में भी कप्तानी की और चेन्नई ने यह मैच 13 रन से जीता था। धोनी आज मैदान पर उतरते ही बतौर टी-20 कप्तान 302वां मैच खेलेंगे। 


अब तक 301 टी-20 मैचों में कप्तानी करते हुए धोनी ने 185 पारियों में 38.67 की औसत से 5994 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 23 अर्धशतक लगाए हैं। छह रन बनाते ही धोनी बतौर टी-20 कप्तान छह हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे कप्तान बन जाएंगे। इस मामले में भी उनसे आगे विराट कोहली हैं। विराट ने बतौर कप्तान 190 टी-20 मैचों की 185 पारियों में 43.29 की औसत से 6451 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और 48 अर्धशतक शामिल है। 

महेंद्र सिंह धोनी

कोहली और धोनी के बाद तीसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने बतौर टी-20 कप्तान 31.05 की औसत से 4721 रन बनाए हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि धोनी बैंगलोर के खिलाफ यह मुकाम हासिल कर पाते हैं या नहीं। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धोनी ने सात गेंदों पर आठ रन बनाए थे। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER