Mann Ki Baat / आज PM मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड, सरकार जारी करेगी 100 का सिक्का

Zoom News : Apr 30, 2023, 09:09 AM
Mann Ki Baat: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड है। पीएम मोदी आज रेडियो के जरिए 100वीं बार 140 करोड़ लोगों के साथ संवाद करेंगे। हर महीने के आखिरी रविवार को पीएम मोदी मन की बात के जरिए देश दुनिया के लोगों से संवाद करते हैं। 3 अक्टूबर 2014 से शुरू हुआ मन की बात कार्यक्रम आज अपना 100वां एपिसोड पूरा करने जा रहा है। इस 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए खास तैयारियां की गई हैं। इस एपिसोड का लाइव प्रसारण देशभर में 4 लाख सेंटरों में होगा। वहीं यूपी में भी मन की बात को सुनने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पूरे प्रदेश में 55 हजार सेंटर बनाए गए हैं जहां लोग मन की बात कार्यक्रम को सुन सकेंगे। पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए बीजेपी ने भी खास तैयारी की है। सांसद, विधायक, मंत्री सब अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे।

52 भारतीय, 11 विदेशी भाषाओं में होता है मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण

मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 52 भारतीय और 11 विदेशी भाषाओं में होता है। पीएम मोदी कार्यक्रम के जरिए समाज में मिसाल कायम करने वाली शख्सियतों से भी देश को रूबरू कराते हैं।

बिल गेट्स ने पीएम मोदी को दी बधाई

दुनियाभर के कई कारोबारी भी मोदी के मन की बात सुनते हैं। आज मन की बात के सौवें एपिसोड के खास मौके पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, "मन की बात ने महिलाओं के आर्थिक, सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मुद्दों पर विकास के क्षेत्र में जागरूक किया है।"

140 करोड़ लोगों के साथ पीएम मोदी का सीधा संवाद

पहली बार देश के किसी प्रधानमंत्री ने देश के 140 करोड़ लोगों के साथ सीधा संवाद बनाया है। पीएम मोदी ने देश की 140 करोड़ जनता से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया के जमाने में बेहद ही पुराने कम्यूनिकेशन माध्यम को चुना।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER