दुनिया / रूस-यूक्रेन के बीच जंग कैसे होगी खत्म? ब्रिटिश पीएम ने बताया प्लान

Zoom News : Mar 06, 2022, 09:46 PM
रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने संकट के समाधान के लिए छह प्वाइंट वाला एक प्लान पेश किया है। इसके साथ-साथ जॉनसन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयासों में तेजी लाने की वकालत की। जॉनसन ने यूक्रेन पर अटैक का जिक्र करते हुए कहा कि पुतिन को असफल होना ही चाहिए।

अगले सप्ताह लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर दुनिया भर के नेताओं की मेजबानी करने से पहले 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में अपने आर्टिकल में जॉनसन ने दोहराया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को सेना के बल पर पर अंतरराष्ट्रीय नियमों को फिर से लिखने में किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देना चाहिए।

जॉनसन लिखते हैं, 'पुतिन को असफल होना चाहिए और इस आक्रामक कदम में उन्हें असफल होना ही चाहिए। नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए यह पर्याप्त नहीं है... हमें सैन्य ताकत के बल पर नियमों को फिर से लिखने के प्रयास का बचाव करना चाहिए।' उन्होंने लिखा है, 'दुनिया देख रही है। यहां भविष्य के इतिहासकार नहीं, बल्कि यूक्रेन के लोग हमारे जज बनेंगे।'

जॉनसन की रणनीति में शामिल छह बिन्दू हैं...

1) दुनिया के नेताओं को यूक्रेन के लिए 'अंतरराष्ट्रीय मानवीय गठबंधन' बनाना चाहिए।

2) उन्हें यूक्रेन को 'आत्मरक्षा के उसके प्रयासों' का भी समर्थन करना चाहिए।

3) रूस पर आर्थिक दबाव को और बढ़ाना चाहिए।

4) अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यूक्रेन के खिलाफ रूस की कार्रवाई के धीरे-धीरे सामान्यीकरण का विरोध करना चाहिए।

5) युद्ध का कूटनीतिक समाधान निकाला जाना चाहिए, लेकिन यूक्रेन की वैध सरकार की पूर्ण भागीदारी के साथ।

6) उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) देशों के बीच 'सुरक्षा और लचीलेपन को मजबूत बनाने के लिए त्वरित अभियान' चलाया जाना चाहिए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER