ओमान के तट के पास अमेरिकी सेना के एक अपाचे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इस घटना के बाद अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के भीतर कई रणनीतिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी सेना की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा में कहा गया है कि यह सैन्य कार्रवाई ईरान की "गैर-वाजिब आक्रामकता" का एक उचित और कड़ा जवाब है। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद उठाया गया है जिसमें उन्होंने हेलीकॉप्टर को गिराने के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहराया था और जवाबी कार्रवाई का वादा किया था।
ईरान का पलटवार और अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट पर हमला
अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने भी आक्रामक रुख अपनाया है। आईआरजीसी ने दावा किया है कि उन्होंने बहरीन में तैनात अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट पर ड्रोन के जरिए हमला किया है। इसके अलावा, ईरानी सेना ने जॉर्डन में स्थित एक अमेरिकी सैन्य बेस को भी मिसाइल हमलों से निशाना बनाने की बात कही है। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई उनके दक्षिणी इलाकों में किए गए अमेरिकी हवाई हमलों का बदला है और अमेरिका ने बाद में घोषणा की कि हेलीकॉप्टर गिराए जाने के जवाब में ईरान के खिलाफ उसके हमले अब पूरे हो गए हैं।
क्षेत्रीय देशों में अलर्ट और एयर डिफेंस सक्रिय
AP की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा अमेरिकी हमलों का बदला लेने के लिए द्वीप देश को निशाना बनाने की बात कहे जाने के बाद बहरीन में मिसाइल अलर्ट सायरन बजाए गए। वहीं, कुवैत का कहना है कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। कुवैत ने यह कदम तब उठाया जब ईरान ने कहा कि उसने अमेरिकी हवाई हमलों का बदला लेने के लिए मध्य-पूर्व के इस देश को निशाना बनाया है। इस सैन्य टकराव का असर अमेरिकी शेयर बाजार पर भी देखा गया, जहां सुबह की बढ़त खत्म हो गई और शेयर बाजार थोड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। बड़े क्षेत्रीय संघर्ष के जोखिम को देखते हुए निवेशक काफी सतर्क नजर आ रहे हैं।
ईरान के विभिन्न इलाकों में धमाकों की गूंज
ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, जास्क काउंटी इलाके में स्थानीय निवासियों और गांवों के लोगों ने तेज धमाकों की आवाजें सुनी हैं और रिपोर्ट में बताया गया है कि बुधवार सुबह से अब तक धमाकों की आवाज सुनाई देने की यह दूसरी घटना है। इसके अलावा, मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि दक्षिणी ईरान के केशम द्वीप पर 6 धमाकों की आवाज सुनी गई है। ईरानी मीडिया का दावा है कि केशम द्वीप पर ये हमले ड्रोन से नहीं बल्कि लड़ाकू विमानों से किए गए हैं। बंदर अब्बास और सिरिक में भी लगातार कई धमाके सुने जाने की खबरें सामने आई हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ईरान की अमेरिका को सख्त चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कड़ा संदेश जारी किया है। S. ने हमारे इरादे को परखने का फैसला किया और हमारी ताकतवर सेना किसी भी हमले या खतरे का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेगी। अगर आप सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमारे इलाके से चले जाएं। " ईरान की टॉप जॉइंट मिलिट्री कमांड ने भी पुष्टि की है कि उन्होंने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
