देश / उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति को सौंपा अपना इस्तीफा

Zoom News : Sep 08, 2021, 03:11 PM
देहरादून: उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल के सचिव बीके संत ने इसकी पुष्टि की है। बेनी रानी मौर्य उत्तराखंड की राज्यपाल के तौर पर बीती 26 अगस्त को अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं।

दो दिन पहले नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद से ही उनके इस्तीफा देने की चर्चाएं तेज होने लगी थीं। उन्हें उत्तर प्रदेश बीजेपी में बड़ी जिम्मेदारी देने की चर्चाएं हैं। वहीं, अब प्रदेश के नए राज्यपाल की जिम्मेदारी किसे मिलेगी इसको लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर दिया जोर

हाल ही में बेबी रानी मौर्य राज्यपाल पद पर तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मीडिया से रूबरू हुई थीं। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के मुद्दों पर जोर दिया था। उनका कहना था कि प्रदेश की महिलाएं मेहनती और जुझारू हैं। महिलाओं को राजभवन से जो बेहतर सहयोग किया जा सकता है उसके लिए आगे भी ठोस प्रयास किए जाएंगे।

ये है उनका सार्वजनिक-राजनीतिक जीवन

- वर्ष 1995 से वर्ष 2000 तक आगरा की महापौर।

- वर्ष 1997 में वर्तमान राष्ट्रपति और तत्कालीन अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा राम नाथ कोविंद के साथ बतौर कोषाध्यक्ष कार्य।

- वर्ष 2001 में प्रदेश, सामाजिक कल्याण बोर्ड की सदस्य।

- वर्ष 2002 में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य।

सम्मान-

- वर्ष 1996 में सामाजिक कार्यों के लिए समाज रत्न।

- 1997 में उत्तर प्रदेश रत्न।

- 1998 नारी रत्न।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER