पानीपत / पत्नी ने पुलिस को दी नशा करने की शिकायत, युवक ने तीसरी मंजिल से कूदकर दे दी जान

Zoom News : Apr 26, 2022, 10:49 AM
पानीपत की बतरा कॉलोनी में एक युवक ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ने नशा कर लड़ाई झगड़ा करने की शिकायत ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस में दी थी। इससे युवक नाराज था। युवक ने अपनी पत्नी के साथ झगड़ा किया और तीसरी मंजिल पर जाकर छत से कूद गया। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

मृतक युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर पति को छत से धक्का देने का शक जाहिर किया है। उन्होंने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 

बतरा कॉलोनी निवासी रविता ने बताया कि उसने आठ साल पहले मनिंद्र (30) पुत्र सतपाल के साथ प्रेम विवाह किया था। मनिंद्र मूल रूप से गांव जौरासी का निवासी है। वह मनिंद्र के साथ विद्यानंद कॉलोनी में ही रहती थी। उनका छह साल का बेटा भी है। मनिंद्र नशा करने का आदी था और नशे के इंजेक्शन लगाता था। नशे में मनिंद्र अकसर उसके साथ मारपीट भी करता था। उसने सतपाल ठेकेदार से 80 हजार रुपये उधार लिए थे। वह उसे काम करने को कहती तो उसके साथ मारपीट करता था।

परेशान होकर उसने सोमवार को पुलिस में मनिंद्र की शिकायत दी थी। पुलिस ने उसको थाने बुलाया तो वह नशे का इंजेक्शन लगाकर सो गया। वह मनिंद्र को जगा रही थी  तो फिर उसने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद मनिंद्र ने तीसरी मंजिल पर जाकर छत से छलांग लगा दी। पड़ोसियों की मदद से उसे निजी अस्पताल में ले गई। जहां से डॉक्टरों ने उसे सरकारी अस्पताल में भेज दिया। वहां डॉक्टरों ने मनिंद्र को मृत घोषित कर दिया।

मनिंद्र के मामा रामकरण का आरोप है कि रविता, मनिंद्र व उसकी मां संतरो के साथ झगड़ा करती थी। तलाक होने के डेढ़ साल बाद भी मनिंद्र के साथ जबरदस्ती रहती थी। उन्हें शक है कि रविता ने मनिंद्र को छत से धक्का दिया है। मनिंद्र के पिता सतपाल और उसके बड़े भाई मंजीत की आठ साल पहले मौत हो चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER