US Presidential Election: अमेरिका में साल 2024 में होने वाले आगामी राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी तगड़े उम्मीदवार माने जा रहे हैं। उनके बोलने की शैली और अमेरिकी हितों की बात ने लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित करना शुरू कर दिया है। अब हाल ही में अमेरिकी कारोबारी और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने भी विवेक रामास्वामी की तारीफ कर दी है।
कौन हैं विवेक रामास्वामी?
विवेक रामास्वामी भारतीय मूल के अमेरिकी और तकनीकी उद्यमी हैं। वह वर्तमान में रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य हैं और राष्ट्रपति चुनाव में दावा ठोक रहे हैं। रामास्वामी को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव का सबसे युवा उम्मीदवार भी बताया जा रहा है। 37 वर्षीय रामास्वामी के माता-पिता भारत के केरल राज्य से संयुक्त राज्य अमेरिका गए थे।
एलन मस्क भी प्रभावित
दिग्गज कारोबारी और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क भी रामास्वामी से काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मस्क ने एक ही दिन में दो बार रामास्वामी की तारीफ की है। मस्क ने अपने एक पोस्ट में रामास्वामी को राष्ट्रपति चुनाव के लिए काफी होनहार उम्मीदवार बताया है। वहीं, एक और पोस्ट में मस्क ने कहा कि रामास्वामी अपने विचारों को स्पष्ट रूप से बताते हैं।
He is a very promising candidate https://t.co/bEQU8L21nd
— Elon Musk (@elonmusk) August 17, 2023
क्या बन पाएंगे राष्ट्रपति?
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से डोनाल्ड ट्रंप अभी सबसे आगे चल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों की दूसरी पसंद रोन डेसेंटिस और तीसरी पसंद विवेक रामास्वामी हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त अपने ऊपर लगे मुकदमों से जूझ रहे हैं और उनके जेल जाने की भी संभावना है। अगर ऐसा सच में होता है तो रोन डेसेंटिस और रामास्वामी के बीच राष्ट्रपति चुनाव की रेस काफी शानदार हो सकती है।
