विज्ञापन

Corona crisis: ताजमहल का दीदार करने के लिए करना होगा अभी और इंतजार, इस कारण नहीं खुलेंगे स्मारक

Corona crisis: ताजमहल का दीदार करने के लिए करना होगा अभी और इंतजार, इस कारण नहीं खुलेंगे स्मारक
विज्ञापन

आगरा | खूबसूरत इमारत ताजमहल को अभी बंद रखा जाएगा। आगरा में बढ़ती कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या के चलते स्मारकों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

डीएम प्रभु एन सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, आगरा किला समेत सभी स्मारक आगरा में बंद रहेंगे। रविवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों संग उन्होंने बैठक की। बैठक के बाद डीएम ने आदेश जारी करते हुए कहा कि कंटेनमेंट जोन ताजगंज क्षेत्र में होने के कारण ताजमहल और बफर जोन में अन्य स्मारक हैं। ऐसे में फिलहाल अग्रिम आदेशों तक सभी स्मारक बंद रहेंगे। कोई पर्यटन गतिविधियों नहीं होगी।

आगरा में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 1282 संक्रमित मिल चुके हैं। 90 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। आगरा में 25 हजार से अधिक मरीजों की कोरोना जांच हो चुकी है। शहर के अलग-अलग अस्पतालों में 139 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।

ताज की खूबसूरती सहित अन्य स्मारकों का दीदार करने के लिए अभी पर्यटकों को इंतजार करना होगा। विगत 17 मार्च से ताजमहल बंद था और आगरा के मेयर नवीन जैन ने इसे खोलने की सिफारिश की थी।

डीएम के आदेश के बाद ताजनगरी के 4000 गाइडों के चेहरों पर एक बार फिर मायूसी छा गई है। उन्हें उम्मीद थी छह जुलाई को ताजमहल खुलेगा और धीरे धीरे सब पहले जैसा हो जाएगा। लेकिन अब एक बार फिर से ताजमहल बंद होने के कारण गाइड, फोटोग्राफर और अन्य लोग मायूस हैं।

विज्ञापन