महाराष्ट्र / मुंबई में भूस्खलन के कारण दीवार गिरने से 22 लोगों की मौत, पीएम ने किया 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान

Zoom News : Jul 18, 2021, 12:25 PM
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मुंबई में शनिवार रात से हो रही भारी बारिश रविवार सुबह भी जारी है, जिसकी वजह से तबाही का नजारा देखने को मिल रहा है। यहां दीवार ढहने से संबंधित दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में 22 लोगों की मौत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन हादसों पर दुख जताते हुए कहा, 'मुंबई के चैंबूर और विक्रोली में दीवार गिरने से लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे अतिशीघ्र स्वस्थ हों।'

साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में मरने वाले परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने का एलान कर दिया।

इस समय मुंबई की सड़कों पर जलसैलाब का नजारा है, तो वहीं मायानगरी की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा ठप हो गई है। मूसलाधार बारिश की वजह से मुंबई के हनुमान नगर से लेकर कांदीवली इलाके में लोगों के घरों तक में पानी घुस गया है। सुबह-सुबह मुंबई वालों को जलसैलाब की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गांधी मार्केट इलाके में भी भयंकर जलभराव दिखा, जिससे गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। वहीं, मुंबई के सियोन रेलवे स्टेशन का रेलवे ट्रैक पूरी तरह से पानी से भर गया है। सियोन इलाके में मुख्य मार्ग पर कमर तक पानी भर आया है। माना जा रहा है कि मुंबई में आज भी बारिश जारी रहेगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER