कोरोना देश में / चेन्नई के एक होटल में एक साथ 85 लोग संक्रमित मिले,बेंगलुरु बना देश का सबसे संक्रमित शहर

Zoom News : Jan 03, 2021, 12:46 AM
चेन्नई के ITC ग्रैंड चोला होटल में एकसाथ 85 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें कई होटल स्टाफ भी शामिल हैं। ये चेन्नई का सबसे लग्जरी होटल है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने बताया कि 15 दिसंबर को होटल का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद से अब तक 609 लोगों का टेस्ट हो चुका है। इनमें 85 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब पूरे शहर के लग्जरी होटल्स में कोरोना टेस्ट कराए जाएंगे।


बेंगलुरु सबसे संक्रमित शहर:


देश के टॉप-5 संक्रमित शहरों की लिस्ट में बेंगलुरु पहले नंबर पर हो गया है। यहां अब तक 3.88 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। पुणे अब देश का दूसरा सबसे संक्रमित शहर है। यहां 3.73 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं।


टॉप-5 संक्रमित शहरों में महाराष्ट्र के तीन शहर हैं। इनमें पुणे, मुंबई और ठाणे शामिल हैं। यहां 2.50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। मुंबई में अब तक 2.94 लाख और ठाणे में 2.54 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। चेन्नई 5वां शहर है जहां सबसे ज्यादा लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।


24 घंटे के अंदर 17 हजार नए केस:

पिछले 24 घंटे के अंदर 17 हजार 617 नए केस मिले। 20 हजार 67 लोग रिकवर हुए और 203 की मौत हो गई। देश में अब तक 1 करोड़ 3 लाख 24 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि अब तक 99 लाख 25 हजार लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं, अब तक 1 लाख 49 हजार 458 लोगों की कोरोना की वजह से जान जा चुकी है।


रिकवरी रेट 96.1% से ज्यादा:

देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब कुल 21 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां रिकवरी रेट राष्ट्रीय दर से भी ज्यादा है। देश में अब तक 99 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और रिकवरी रेट 96.1% पहुंच गया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश जैसे 21 राज्य और UT में रिकवरी रेट 96.1% से भी ज्यादा है। अरुणाचल में तो 99.1% लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

रिकवरी रेट के मामले में अरुणाचल के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडीशा, दादर-नगर हवेली, त्रिपुरा और असम में 98% से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, मेघालय और अंडमान-निकोबार समेत 12 राज्य और UT में 97% से ज्यादा और गोवा, नगालैंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में 96.1% से ज्यादा लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।


एक्टिव केस 6 महीने में सबसे कम:

इस बीच, एक्टिव केस की संख्या भी 2.50 लाख से नीचे आ गई है। अब देश में 2 लाख 48 हजार 882 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ऐसा 4 जुलाई यानी 6 महीने के बाद हुआ है। 4 जुलाई को देश में 2 लाख 45 हजार एक्टिव केस थे।


कोरोना अपडेट्स:

  • देश में अब दो कोरोना वैक्सीन का इमरजेंसी यूज जल्द ही शुरू हो सकता है। सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) के एक्सपर्ट पैनल ने शनिवार को भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को भी इमरजेंसी यूज के लिए सशर्त मंजूरी दे दी है। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। एक दिन पहले ही एक्सपर्ट पैनल ने सीरम इंस्टीट्यूट की कोवीशील्ड को इमरजेंसी यूज के लिए सशर्त मंजूरी दी थी। अब दोनों वैक्सीन को ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया यानी DCGI से जल्द अप्रूवल मिलने की उम्मीद है।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मकर संक्रांति तक वैक्सीन आ सकती है। एक कार्यक्रम में उन्होंने बोला, ''राज्य में 5 जनवरी को वैक्सीनेशन का ड्राई रन होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मकर संक्रांति तक हम लोग वैक्सीन लेते आएंगे और कोरोना को मात देंगे।''
  • भारत से यूके की फ्लाइट्स 6 जनवरी से जबकि, यूके से भारत की उड़ानें 8 जनवरी से शुरू हो जाएंगी। हर हफ्ते दोनों तरफ से 15-15 उड़ानें ऑपरेट होंगी। ऐसे में कोरोना के नए वैरिएंट पर नजर रखने और इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रॉसिजर (SOP) जारी किया है, जो एयरलाइंस और पैसेंजर्स के लिए है। UK से आने वाले यात्रियों को अपने खर्च पर RT-PCR टेस्ट करवाना जरूरी होगा।
  • ब्रिटेन में दहशत मचाने वाला कोरोना का नया खतरनाक स्ट्रेन अब गुजरात पहुंच गया है। हाल ही में ब्रिटेन से आए 4 व्यक्तियों में यह स्ट्रेन पाया गया है। चारों मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पहले कहा कि कोरोना वैक्सीन पूरे देश में फ्री होगी। फिर डेढ़ घंटे बाद बोले कि पहले फेज में यह 3 करोड़ लोगों के लिए फ्री मिलेगी। इनमें 1 करोड़ हेल्थकेयर वर्कर्स और 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल होंगे।
  • मध्य प्रदेश में सीनियर IAS ऑफिसर मसूद अख्तर की मौत हो गई है। वह राज्य के गृह सचिव थे। करीब 20 दिन पहले वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर्स ने बताया कि 3 दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी, लेकिन फेफड़े में संक्रमण का ज्यादा असर था। इसके चलते शनिवार को उनकी मौत हो गई।

5 राज्यों का हाल:

1. दिल्ली

यहां शनिवार को 494 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 496 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 26 हजार 448 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 10 हजार 535 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 10 हजार 571 की मौत हो चुकी है। 5342 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।


2. मध्यप्रदेश

राज्य में शनिवार को 731 लोग संक्रमित पाए गए। 855 लोग रिकवर हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 43 हजार 302 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 30 हजार 586 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3627 मरीजों की मौत हो गई है। 9089 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।


3. गुजरात

शनिवार को राज्य में 741 संक्रमित पाए गए। 922 लोग रिकवर हुए और 5 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 46 हजार 513 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 32 हजार 822 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4314 मरीजों की मौत हो गई है। 9377 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।


4. राजस्थान

शनिवार को राज्य में 467 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 890 लोग रिकवर हुए और 5 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 9 हजार 319 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 97 हजार 819 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2705 मरीजों की मौत हो गई है। 8795 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।


5. महाराष्ट्र

यहां शनिवार को 3218 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2110 लोग रिकवर हुए और 51 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 38 हजार 854 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 34 हजार 934 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 49 हजार 631 मरीजों की मौत हो गई है। 53 हजार 137 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER