आंध्र प्रदेश / लॉकडाउन की वजह से नहीं मिली शराब तो पी लिया सैनिटाइजर, 9 लोगों की मौत

News18 : Jul 31, 2020, 04:14 PM
अमरावती। आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के प्रकासम जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां लॉकडाउन (Lockdown) में शराब नहीं मिली तो कथित तौर पर सैनिटाइजर (Sanitizer) पीने से 9 लोगों की मौत हो गई। यह घटना प्रकाशम जिले में कुरीचेंदू मंडल मुख्यालय की है। प्रकासम जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कौशल ने बताया कि ये लोग बीते कुछ दिन से सैनटाइजर को पानी और सॉफ्ट ड्रिंक में मिलाकर पी रहे थे।

पुलिस अधिकारी (Police officer) ने कहा, ‘हम यह जांच भी कर रहे हैं क्या वे सैनिटाइजर का सेवन अन्य नशीले पदार्थों के साथ मिलाकर भी कर रहे थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि ये लोग बीते दस दिन से सैनिटाइजर पी रहे थे। इलाके में बिकने वाले सैनिटाइजर को जांच के लिए भेजा गया है।’ कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के कारण कुरीचेंदू में लॉकडाउन है, ऐसे में यहां बीते कुछ दिन से शराब की दुकानें भी बंद चल रही हैं।


कुछ लोगों का चल रहा है इलाज

बताया जाता है कि शराब के लती सैनिटाइजर पी जाते हैं, क्योंकि उसमें कुछ मात्रा में अल्कोहल भी होता है। गुरुवार को सैनिटाइजर पीने से दो भिखारियों और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि छह अन्य की शुक्रवार सुबह मौत हुई। सैनिटाइजर पीने वाले कुछ और लोगों का इलाज चल रहा है।

10 दिन से नहीं मिल रही शराब

पुलिस ने बताया कि कोरोना लॉकडाउन की वजह से गांवों में शराब की दुकानें पिछले 10 दिनों से बंद हैं। लोगों को कहीं भी शराब नहीं मिल रही है। जिसकी वजह से कुछ लोगों ने सैनिटाइजर को पीना शुरू कर दिया है। इसी कारण यह हादसा हुआ। इस हादसे में कुछ घायल भी बताए जा रहे हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER