Covid Update / दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती 95% कोरोना मरीज दूसरी बीमारियों से ग्रस्त

Zoom News : Jun 17, 2022, 07:50 AM
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या भी 200 के करीब पहुंच गई है। हालांकि नए संक्रमितों के मुकाबले बहुत कम लोगों को अस्पताल की जरूरत पड़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पतालों में भर्ती 95 फीसदी तक कोरोना संक्रमित ऐसे हैं जिन्हें पहले से किडनी, लिवर, कैंसर और मधुमेह जैसी दूसरी बीमारियां हैं। 

दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में कुल 15 संक्रमित भर्ती हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि सभी पहले से दूसरी बीमारियों से ग्रस्त हैं। इनमें से अधिकतर दूसरी बीमारियों का इलाज कराने आए थे। अधिकतर को हल्के से लेकर मध्यम श्रेणी के लक्षण हैं। कुछ ही मरीजों को वेंटिलेटर की जरूरत पड़ी है और ये सभी पहले से ही गम्भीर बीमार थे।

सफदरजंग अस्पताल में भी 13 कोरोना संक्रमित भर्ती हैं। एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक सभी दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं। कोई ऐसा मरीज नहीं है जिसे सिर्फ कोरोना की वजह से भर्ती किया गया है।

निजी अस्पतालों में भी यही हाल : सर गंगाराम अस्पताल में 9 कोरोना संक्रमित में भर्ती हैं। अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अतुल कक्कड़ का कहना है कि एक या दो ही बुजुर्ग कोरोना मरीज अस्पतालों में ऐसे हैं जो पहले किसी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं। अन्य सभी मरीज को कोई न कोई स्वास्थ्य समस्या थी और कोरोना के बाद उन्हें भर्ती कराया गया। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में सिर्फ चार कोरोना संक्रमित भर्ती हैं। इनमें से तीन पहले से दूसरी बीमारी से पीड़ित हैं और अन्य एक बुजुर्ग हैं। 

किस अस्पताल में कितने मरीज 

अस्पताल              कोरोना संक्रमित

लोकनायक अस्पताल    15

सफदरजंग               13

बेस अस्पताल            12

जीटीबी                   11

उत्तरी रेलवे अस्पताल    10

होली फैमिली            07

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER