धर्म / श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य रूप से सजी जन्मभूमि, दुनिया भर से जुटे भक्त, अद्भुत है नजारा

AMAR UJALA : Aug 24, 2019, 01:13 PM
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर इस बार ब्रज में तीन दिवसीय महोत्सव मनाया जा रहा है। कान्हा की जन्मस्थली मथुरा को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सभी मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा रहे हैं। अपने आराध्य का जन्मोत्सव मनाने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मथुरा में होने वाले जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। मथुरा, वृंदावन, बरसाना और नंदगांव हर जगह राधे-राधे की गूंज है। 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर शनिवार को ठाकुरजी मध्य रात 12 बजे रेशम, जरी एवं रत्नों से बनी सुंदर मृगांक कौमुदी पोशाक धारण कर पुष्प तेजोमहल में विराजकर भक्तों को दर्शन देंगे। पत्र, पुष्प और काष्ठ से बने बंगले की छठा निराली होगी। 

ठाकुरजी का प्राकट्य-अभिषेक रजत कमल पुष्प में होगा। ठाकुरजी के श्री विग्रह का अभिषेक स्वर्ण जड़ित चांदी से बनी गाय के दूध से होगा। इसके बाद रात में 12:15 से 12:30 तक दूध, दही, घी, बूरा, और शहद से दिव्य महाभिषेक होगा। 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर जन्म महाभिषेक का अलौकिक आकर्षण बनाने के लिए रात्रि 12 बजे भगवान के प्राकट्य के साथ संपूर्ण मंदिर परिसर में शंख, ढोल, नगाड़े के साथ मृदंग बज उठेंगे। ठाकुरजी के जन्म के साथ ही शहनाई एवं नगाड़ों के वादन के साथ भगवान की मंगला आरती के दर्शन होंगे। ठाकुरजी ब्रजरत्न मुकुट, नवरत्न जड़ित स्वर्ण कंठा धारण करेंगे।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा के गली-चौराहों को भी दुल्हन की तरह सजाया गया है। जगह-जगह लगी स्क्रीन पर कृष्ण की लीलाओं को दिखाया जा रहा है। ब्रज के बांकुरे कृष्ण कन्हैया की प्रेममयी लीलाओं को देखकर हर कोई ओर आकर्षित हो रहा है।

शहर के डेंपियर नगर चौराहे, नया बस स्टैंड, भूतेश्वर चौराहा, गोवर्धन चौराहा आदि स्थानों पर ब्रज के कलाकारों श्री कृष्ण जन्म तथा भगवान कृष्ण की अन्य लीलाओं का मंचन किया जा रहा है। 

शुक्रवार को वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रंगबिरंगी रोशनी से सजे मंदिर में रात को बांकेबिहारी का अभिषेक हुआ। चांदी के पालने में जन जन के आराध्य ने भक्तों को दर्शन दिए और वर्ष में एक बार होने वाली मंगला आरती रात 1:55 बजे हुई। 

नंदगांव-बरसाना की विशेष परंपरा के अनुसार रक्षाबंधन के ठीक आठ दिन बाद यहां श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जाता है। इसी कारण नंदगांव में भी 23 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई गई। आज नंदोत्सव मनाया जाएगा। अष्टमी की संध्या से ही बरसाना के गोस्वामी समाज के लोग नंद भवन पहुंचते हैं। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER