Good Covid News / मई 2020 के बाद एक दिन में सबसे कम केस मिले, लगातार घट रहा कोरोना का असर

Zoom News : Mar 12, 2022, 12:22 PM
कोरोना महामारी से देश को लगता है जल्द निजात मिल जाएगी। देश में शनिवार को कोविड संक्रमण के 3614 नए केस मिले। यह 12 मई 2020 के बाद सबसे कम होने से बीते दो सालों में एक दिन में  सबसे कम केस का रिकॉर्ड है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में सक्रिय केस की संख्या में भी और कमी आई है। अब देश में 40,559 सक्रिय केस रह गए हैं। हालांकि कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,29,87,875 हो गई। मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह 8 बजे अपडेट किए गए डाटा के अनुसार बीते 24 घंटे में महामारी से 89 लोगों की मौत हुई। इससे देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,15,803 हो गई।

देश में कुल केस लोड की तुलना में सक्रिय केस अब मात्र 0.09 फीसदी रह गए हैं। वहीं, कोविड से रिकवरी रेट भी और सुधरकर 98.71 फीसदी हो गया है। बीते 24 घंटे में सक्रिय केस की संख्या में 1660 की कमी आई है। दैनिक संक्रमितों की संख्या 12 मई 2020 के बाद सबसे कम दर्ज हुई है। उस दिन देश में 3604 केस मिले थे, जबकि शनिवार को 3614 दर्ज हुए। 

कोरोना को मात देने वालों की कुल संख्या 4,24,31,513 हो गई है, जबकि कोविड मृत्यु दर 1.2 फीसदी है। दैनिक सकारात्मकता दर 0.44 फीसदी दर्ज की गई, वहीं साप्ताहिक सकारात्मकता दर 0.52 फीसदी रही। 

देश में अब तक कुल 77.77 करोड़ टेस्ट किए गए हैं, ताकि कोरोना संक्रमण का पता चल सके। बीते 24 घंटे में 8,21,122 कोरोना टेस्ट किए गए। इसी तरह कोरोना से बचाव के लिए देश में अब तक 179.91 करोड़ टीकों की खुराक लगाई जा चुकी है। 

महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौतें

शनिवार सुबह समाप्त बीते 24 घंटे में कुल 89 मौतें हुईं, इनमें से सर्वाधिक 73 केरल में हुईं। देश में कुल मौतों की संख्या 5,15,803 है। इसमें से सर्वाधिक 1,43,750 महाराष्ट्र में, 66,762 केरल में, 40,016 कर्नाटक में, 38,023 तमिलनाडु में, 26,140 दिल्ली में, 23,490 यूपी में और 21,186 पश्चिम बंगाल में हुई। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER