कोरोना वायरस / हरियाणा में 30 अप्रैल तक बंद किए गए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल

कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को राज्यभर के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, "इसके बाद जो भी आवश्यक होगा हम देखेंगे...लेकिन कुल मिलाकर सामान्य जीवन जारी रहना चाहिए।" हरियाणा में गुरुवार को कोविड-19 के 2,872 नए मामले सामने आए थे।

गुरुग्राम: गुरुग्राम में शुक्रवार को आयोजित जीएमडीए (गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी) की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कोरोना के चलते प्रदेश के सभी स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने का एलान किया है।

इसके साथ ही उन्होंने इस बात के भी साफ संकेत दिए कि अगर जरूरत हुई तो और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पूरे देश में जिस तरह से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है उससे सभी राज्य सरकारें चिंतित हैं। संक्रमण को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण को देखते हुए 30 अप्रैल तक प्राइमरी से लेकर मिडिल तक के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है।  मुख्यमंत्री ने कहा है कि, जिन जिलों में संक्रमण के केस बढ़ेंगे उन जिलों में सख्ती होगी। यह फैसला जिला उपायुक्त अपने स्तर पर करेंगे।  

इसी दौरान उन्होंने किसानों के गेंहू भुगतान को लेकर भी एक एलान किया। उनका कहना था कि सभी किसानों को समय पर भुगतान किया जाएगा और अगर ऐसा होने में देरी हुई तो उन्हें उनकी राशि पर ब्याज के साथ भुगतान होगा। किसी भी स्तर पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। आढ़तियों की हड़ताल का गेहूं खरीद पर कोई असर नहीं होगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER