पंजाब विधानसभा चुनाव / प्रचार के लिए आएंगी अरविंद केजरीवाल की पत्नी और बेटी, धुरी में भगवंत मान की जनसभा में होंगी शामिल

Zoom News : Feb 10, 2022, 11:44 AM
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटी विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पंजाब आएंगी। वे 11 फरवरी को संगरूर जिले के धुरी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री भगवंत मान की जनसभा में शामिल होंगी। आम आदमी पार्टी ने यह जानकारी दी है। वे महिलाओं से बातचीत करेंगी।

संगरूर संसदीय सीट से भगवंत मान आप के टिकट पर दो बार सांसद चुने जा चुके हैं। विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरा घोषित करने के बाद पार्टी ने उन्हें धुरी से मैदान में उतारा है। धुरी विधानसभा क्षेत्र संगरूर जिले में आती है। धुरी विधानसभा सीट में 74 गांव आते हैं। 

महिलाएं निर्णायक

पंजाब में होने वाले चुनाव में महिलाएं निर्णायक भूमिका में रहती हैं। इस बार मतदान में कुल 2.12 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। इनमें 10086514 महिला वोटर हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में 78.14 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला था, जो पुरुषों के मुकाबले 1.45 प्रतिशत अधिक था। इस बार भी सियासी दल यही अनुमान लगा रहे हैं कि चुनाव में महिलाएं ज्यादा वोट डालेंगी।

महिलाओं को साधना मजबूरी

पंजाब में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को देखते हुए सियासी दलों की इस चुनाव में मातृ शक्ति को साधना मजबूरी से कम नहीं है। यही कारण है कि सभी राजनीतिक दल महिलाओं को लेकर सीधे घोषणाएं करने में लगे हैं। आम आदमी पार्टी ने सरकार बनने पर 1000 रुपये तो शिअद ने 2500 रुपये प्रति माह देने की घोषणा की है। वहीं, कांग्रेस प्रधान सिद्धू महिलाओं को घरेलू गैस सिलिंडर भरवाने और 12वीं पास लड़कियों को स्कूटी देने का वादा कर चुके हैं।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER