Gujrat / AK बोले जन्माष्टमी पर जन्म, BJP ने पलट दिया कैलेंडर; कहा- झूठा दावा

Zoom News : Oct 09, 2022, 01:46 PM
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से यह कहे जाने पर कि वह जन्माष्टमी के दिन पैदा हुए थे, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कैलेंडर पलट दिया है। गुजरात में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने केजरीवाल के दावे को झूठा कहते हुए तंज कसा है। पाटिल ने कहा कि उन्होंने कभी ऐसा झूठा व्यक्ति नहीं देखा। पाटिल ने दावा किया कि केजरीवाल का जन्म जन्माष्टमी के एक दिन बाद हुआ था ना कि जन्माष्टमी के दिन। 

पाटिल ने कहा, ''मैंने केजरीवाल जैसा झूठा आदमी नहीं देखा है। वह मुख्यमंत्री हैं और जिम्मेदार पद पर हैं, लेकिन जिस तरह वह झूठ बोलते हैं, मेरे लिए प्रतिक्रिया देना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि वह 16 अगस्त 1968 को जन्मे। जन्माष्टमी 1968 में 15 अगस्त को थी। यदि उन्हें ऐसे चीजों पर भी झूठ बोलने की जरूरत है तो मैं समझ नहीं सकता।'' सीआर पाटिल ने केजरीवाल के उस बयान के बाद यह दावा किया है जिसमें आप संयोजक ने कहा था कि वह जन्माष्टमी के दिन पैदा हुए और भगवान ने उन्हें कंस की औलदों का नाश करने के लिए भेजा है।

पाटिल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि केजरीवाल ने गुजरात के लोगों को कंस कहा। पाटिल ने कहा, ''वह (केजरीवाल) गुजरात के लोगों को कंस कहा। गुजरात के लोग दयालु हैं, नहीं तो लोग उन्हें (राज्य में) घुसने नहीं देते। गुजरात के लोगों को कंस कह देना और फिर गुजरात में ही वोट मांगना, यह केवल यहीं संभव है, हिम्मत है तो ऐसा किसी दूसरे स्थान पर करके दिखाएं। मुझे लगता है कि उन्हें अपनी बोली पर नियंत्रण रखना चाहिए और झूठ बोलना बंद करें।'' 

दिल्ली के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में दिलाई गई शपथ से उपजे विवाद के बीच केजरीवाल ने शनिवार को भाजपा पर पलटवार किया। गुजरात में अपने खिलाफ लगाए गए पोस्टरों पर जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनका जन्म जन्माष्टमी के दिन हुआ था और भगवान ने कंस के वंशजों को खत्म करने का उन्हें भेजा है। केजरीवाल ने कहा कि वह भगवान हनुमान के सच्चे भक्त हैं और दावा किया कि पोस्टर में भगवान का अपमान करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने पोस्टर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ आसुरी शक्तियां एकजुट हैं, जो कंस के बेटे हैं। उन्होंने कहा, ''वे भगवान और उनके श्रद्धालुओं का अपमान करते हैं और उपद्रव और हिंसा में शामिल हैं।'' 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER