हवा में इमरजेंसी के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है और बॉलीवुड के दिग्गज सितारे भी स्मित मच्छार के साहस को सलाम करने में पीछे नहीं हैं। शाहरुख खान और सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह तक, फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने इस जांबाज पायलट की जमकर सराहना की है। कैप्टन मच्छार ने जिस तरह से मौत के सामने खड़े होकर अपनी सूझबूझ का परिचय दिया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया है।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
यह घटना 30 सितंबर को हुई थी जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भर रही थी। इस विमान में 174 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में एक बेहद डरावनी स्थिति पैदा हो गई। ओमान के रहने वाले को-पायलट हमाम अल-हमामी ने अचानक कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। को-पायलट का इरादा विमान को हाईजैक करके उसे क्रैश कराने का था और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने हार नहीं मानी। उन्होंने को-पायलट का डटकर मुकाबला किया और किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। दरवाजा खुलते ही क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने अंदर आकर हमलावर को काबू में कर लिया। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया, जिससे सभी 174 यात्रियों की जान बच गई।
शाहरुख खान ने दी भावुक श्रद्धांजलि
बॉलीवुड के किंग खान, शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम करते हुए एक विशेष संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार, जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आप मजबूती से डटे रहे!! मुश्किल हालात का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं होता... लेकिन आपने जहाज पर मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए ठीक यही किया और हमें दिखाया कि एक कैप्टन होने का क्या मतलब होता है। यह हिम्मत और कर्तव्यनिष्ठा की एक सच्ची मिसाल है।
सलमान खान का 'पायलट जी' को सलाम
बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान खान ने भी कैप्टन मच्छार की वीरता की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं, आपके साथ उड़ान भरने में खुशी होगी.. शाबाश भाई.. " सलमान खान के इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं और लोगों ने पायलट की बहादुरी को और भी सराहा।
रणवीर सिंह और विक्की कौशल की प्रतिक्रिया
अभिनेता रणवीर सिंह ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने कैप्टन की तस्वीर के साथ अपनी फिल्म 'धुरंधर 2' का गाना 'जान से गुजरते हैं' लगाया और कैप्शन में लिखा, "कैप्टन करेजियस" (साहसी कैप्टन)। इसके साथ उन्होंने भारतीय झंडे और सैल्यूट वाले इमोजी भी लगाए और वहीं, विक्की कौशल ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कैप्टन को "ब्रेवहार्ट" कहकर संबोधित किया।
सनी देओल और सुनील शेट्टी के संदेश
सनी देओल ने एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार, जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आपने असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाई और आपने एक बड़ी दुर्घटना को टालने और लोगों की जान बचाने में मदद की। आपके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। " सुनील शेट्टी ने भी कैप्टन के धैर्य की सराहना करते हुए लिखा कि बहादुरी अक्सर खामोश होती है लेकिन उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कैप्टन मच्छार के संयम और साहस को गहरा सम्मान दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की बात
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का संज्ञान लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे वीडियो कॉल पर बात की। कैप्टन मच्छार फिलहाल यूएई के एक अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी हिम्मत की सराहना की। कैप्टन ने प्रधानमंत्री को बताया कि उस डरावने संघर्ष के दौरान वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, जिससे उन्हें मानसिक शक्ति और साहस मिला। प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उन्हें देश का गौरव बताया।
बॉलीवुड की अन्य हस्तियों का समर्थन
इन प्रमुख सितारों के अलावा रवीना टंडन, सोनम कपूर और कंगना रनौत जैसी अभिनेत्रियों ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम किया है। पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस समय कैप्टन मच्छार के साहस की कहानियों से भरी हुई है। जिस तरह से उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना 174 यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की, वह पेशेवर प्रतिबद्धता का एक सर्वोच्च उदाहरण है। आज पूरा देश और बॉलीवुड जगत इस जांबाज पायलट के साथ खड़ा है।
