देश / लगातार हो रही हार का असर? कई राज्यों में अध्यक्ष बदल सकती है कांग्रेस

Zoom News : Dec 20, 2020, 09:28 PM
नई दिल्ली | कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद कई प्रदेशों में जल्द बदलाव हो सकते हैं। पार्टी मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना और महाराष्ट्र में जल्द नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। इसके साथ पार्टी बिहार संगठन में भी बदलाव की तैयारी कर रही है, क्योंकि विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन की वजह से कांग्रेस को काफी शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा है। वहीं, कई अन्य राज्यों में हाल-फिलहाल हुए उपचुनावों में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पहले ही प्रदेश राजनीति छोड़ने के संकेत दे चुके हैं। असंतुष्ट नेताओं की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कमलनाथ को एआईसीसी में जिम्मेदारी दिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा भी उपचुनावों में हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी भी ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनावों में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर हुड्डा कर रहे दावेदारी 

महाराष्ट्र में बाला साहेब थोराट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इसलिए, पार्टी उनकी जगह जल्द नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। पार्टी ने एक दिन पहले ही मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी में बदलाव करते हुए अशोक अर्जुन राव जगताप को अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही पार्टी बिहार में भी नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। इसके साथ पार्टी नेतृत्व पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस में बदलाव का भी दबाव है। 

'पार्टी स्वीकार करेगी मांग'

वहीं, पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जिस माहौल में चर्चा हुई है, उससे उम्मीद जगी है कि पार्टी मांग स्वीकार कर लेगी। दरअसल, असंतुष्ट नेताओं में शामिल भूपेंद्र सिंह हुड्डा काफी दिनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर दावेदारी कर रहे है। ऐसे में पार्टी सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश कर सकती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER