नई दिल्ली / मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया विभागों का बंटवारा, अपने पास नही रखा कोई भी विभाग

News18 : Feb 17, 2020, 05:37 PM
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) ने अपने दूसरे कार्यकाल के लिए विभागों का बंटवारा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Water Board) की जिम्मेदारी सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) को दी गई है। सीएम केजरीवाल ने अपने पास कोई विभाग नहीं रखा है। वहीं, पर्यावरण विभाग गोपाल राय को दिया गया है। यह विभाग पहले  कैलाश गहलोत के अधीन था। इसी तरह महिला और बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी राजेंद्र पाल गौतम को दी गई है। यह विभाग पहले मनीष सिसोदिया के पास था।

रविवार को अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार CM पद की शपथ ली

बता दें कि रामलीला मैदान में रविवार को अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ ही मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, इमरान हुसैन, सत्येंद्र जैन, राजेंद्र पाल गौतम और कैलाश गहलोत ने भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। इस दौरान रामलीला मैदान में एक लाख के करीब लोग मौजूद थे।

आप पार्टी को प्रचंड जीत मिली

गौरतलब है कि दिल्ली की जनता ने तीसरी बार केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का मौके दिया है। इस बार तमाम प्रयासों के बावजूद आम आदमी पार्टी भाजपा को मात देने में सफल रही। आप पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा को 8 सीट पर ही संतोष करना बड़ा। हालांकि, बीजेपी को पहले के मुकाबले 5 सीटों को फायदा हुआ है। साथ ही 2 फीसदी के करीब वोटों में इजाफा हुआ है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER