Sports / CWG 2022 में 61 पदक जीतकर भारत चौथे स्थान पर, देखिए टॉप-10 देश

Zoom News : Aug 08, 2022, 09:57 PM
CWG 2022 | भारत ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2022) में कुल 61 मेडल जीतकर इन खेलों में अपने अभियान का समापन किया। भारत के CWG 2022 में जीते कुल 61 पदकों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल है। भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विकसाइराज रेंकी रेडडी तथा चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बैडमिंटन में और अचंता शरत कमल ने टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीते। वहीं, जी साथियान ने टेबल टेनिस में कांस्य पदक हासिल किया जबकि भारतीय पुरुष हॉकी टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

भारत ने 2018 में गोल्ड कोस्ट में 26 स्वर्ण सहित 66 पदक जीतकर तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया था। लेकिन इस बार वह उस आंकड़े को पार नहीं कर पाया। भारत को सर्वाधिक स्वर्ण और सर्वाधिक तमगे कुश्ती से हासिल हुए, जहां देश ने छह स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य सहित 12 पदक जीते। भारोत्तोलकों ने भारतीय अभियान की बेहतरीन शुरुआत करते हुए तीन स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य सहित 10 पदक जीते। संकेत सरगर (पुरुष 55 किग्रा) ने चांदी का तमगा जीतकर बर्मिंघम 2022 में भारत का खाता खोला था।

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दूसरे दिन संकेत सागर, गुरुराज पुजारी, बिंदियारानी देवी और मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में पदक जीतकर भारत का खाता खोला। भारत ने 12 विभिन्न खेलों के स्पर्धाओं में अपने मेडल जीते। भारत कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन और टेबल टेनिस (पैरा टेबल टेनिस सहित) में व्यक्तिगत पदक तालिका में शीर्ष पर है। महिलाओं की फोर लॉन बॉलिंग फोर टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इस खेल में भारत काे पहला पदक दिलाकर इतिहास रच दिया। वहीं, पुरुष टीम ने भी रजत पदक अपने नाम किया।

मुक्केबाजों ने भी बर्मिंघम में भारत का परचम  लहराते हुए सात पदक जीते। निखत ज़रीन (50 किग्रा), अमित पंघल (51 किग्रा)  और नीतू (48 किग्रा) ने स्वर्ण जीते, जबकि जैस्मीन (60 किग्रा), मोहम्मद  हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और रोहित टोकस (67 किग्रा) ने कांसे के तमगे जीते। सागर अहलावत (92 किग्रा) ने मुक्केबाजी में भारत का एकलौता रजत जीता।

पीवी सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदकों की हैट्रिक लगाई। उन्होंने CWG 2022 में गोल्ड जीतने से पहले पिछले संस्करणों में रजत और कांस्य पदक जीते थे। लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष एकल और युगल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता और भारत ने CWG 2022 में बैडमिंटन में छह पदक अपने नाम किए।

एथलेटिक्स में, एल्धोस पॉल और अब्दुल्ला अबूबकर ने पुरुषों के ट्रिपल जम्प में स्वर्ण और रजत जीतने के बाद एक ऐतिहासिक कारनामा किया। अविनाश साबले ने बर्मिंघम में किसी भारतीय एथलीट द्वारा सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन किया और 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में रजत जीतकर हासिल किया। अपने पांचवें राष्ट्रमंडल खेलों में खेल रहे अनुभवी अचंता शरथ कमल ने सभी चार टेबल टेनिस स्पर्धाओं में पदक जीते, जिसमें उन्होंने मिश्रित युगल में भी स्वर्ण पदक जीता। 

रेसलिंग में विनेश फोगट के स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी करने के साथ ही भारतीय पहलवानों ने लगातार दूसरी बार सभी स्पर्धाओं में पदक जीते। राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पहली बार, भारत ने पुरुषों और महिलाओं की हॉकी स्पर्धा दोनों में एक ही संस्करण में पदक जीते। पुरुषों ने रजत जीता जबकि महिलाओं ने कांस्य पदक।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER