Jharkhand News / रांची में CPM नेता की दफ्तर में घुसकर गोली मारकर हत्या

Zoom News : Jul 26, 2023, 11:37 PM
Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची के दलादाली इलाके में स्थानीय सीपीआई (एम) नेता सुभाष मुंडा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। वह अपने कार्यालय में बैठे थे तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। ख़बरों की मानें तो सुभाष मुंडा को अपराधियों ने सात गोलियां मारी हैं। गोली मारने के बाद बेखौफ अपराधी मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। घटना के बाद उस क्षेत्र में आतंक का माहौल छाया हुआ है। सूचना है कि उनके कुछ समर्थकों ने गुस्से में तोड़फोड़ भी की है।

इस घटना के सामने आने के बाद प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'एक तरफ एक्सीडेंटल राजकुमार कानून व्यवस्था को बहाल करने के लिए पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी दे रहे हैं और दूसरी ओर राजधानी रांची के अति व्यस्त इलाके दलादली चौक में अपराधी कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ चुके सुभाष मुंडा की सरे आम गोली मारकर हत्या कर देते हैं। 

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष ने आगे लिखा, यही है राजधानी रांची और पूरे झारखंड की कानून व्यवस्था की असलियत। जब तक घूसखोर पुलिस पदाधिकारियों को हटाकर तेजतर्रार अफसरों की नियुक्ति नहीं होगी तब तक विधि व्यवस्था सुधरेगी नहीं। जब पुलिस का ध्यान अवैध खनन और राजनीतिक आकाओं के ग़लत और पूर्वाग्रह पूर्ण हुक्म की तामील करने में होगा तो विधि व्यवस्था की कौन पूछता है?

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER