खेल / दीपिका कुमारी ओलंपिक में महिला तीरंदाज़ी के 72-ऐरो रैंकिंग राउंड में 9वें स्थान पर रहीं

Zoom News : Jul 23, 2021, 01:01 PM
टोक्यो: पिछले साल कोरोना महामारी की वजह से स्थगित किए गए टोक्यो ओलंपिक का आगाज शुक्रवार को हो गया है। ओलंपिक में 204 देशों के 11,000 से ज्यादा एथलीट्स अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं, इस बार भारतीय की ओर से 127 एथलीट्स ओलंपिक में 18 खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने टोक्यो ओलिंपिक में अपने अभियान की शुरुआत आर्चरी यानी तीरंदाजी से की है। पहले दिन युमेनोशिमा पार्क पर हुए मुकाबले में स्टार तीरंदाज और पदक उम्मीद दीपिका कुमारी महिला व्यक्तिगत रिकर्व रैंकिंग राउंड में नौवें स्थान पर रहीं।

दीपिका कुमारी ने इतना स्कोर किया

दुनिया की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी ने 663 स्कोर किया। उनका पहले हाफ में 334 और दूसरे हाफ में 329 स्कोर रहा। उन्होंने 72 निशानों में से 30 बार परफेक्ट 10 स्कोर किया। बता दें कि टॉप-3 स्थानों पर स्थानों पर कोरियाई तीरंदाजों का दबदबा रहा। कोरिया की 20 वर्ष की अन सान 680 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रही जो ओलंपिक रिकॉर्ड भी है। इससे पहले ओलंपिक रिकॉर्ड 673 का था जबकि विश्व रिकॉर्ड 692 का है जो कांग चेइ वोंग के नाम है। जांग मिनही 677 अंक के साथ दूसरे और कांग चेइ वोंग 675 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही।

भूटान की कर्मा से होगा मुकाबाला

दीपिका का अगले दौर में मुकाबला भूटान की कर्मा से होगा।  कर्मा ने शुक्रवार को रैंकिंग राउंड में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर (616) हासिल किया। दूसरी ओर, एलिमिनेशन दौर के मुकाबले 27 जुलाई को खेले जाएंगे। रैंकिंग दौर से एलिमिनेशन दौर की वरीयता का निर्धारण होता है और विरोधी भी तय होता है। तीरंदाजों को 70 मीटर की दूरी से निशाना लगाने के लिये 72 तीर दिए जाते हैं। उन्हें छह छह तीरों की 12 सीरिज में निशाना लगाना होता है। टोक्यो टेस्ट टूर्नामेंट 2019 में दीपिका को हराने वाली अन सान ने 36 बार 10 स्कोर किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER