दिल्ली / दिल्ली पुलिस ने टिकरी व गाज़ीपुर बॉर्डर से हटाने शुरू किए बैरिकेड, टिकरी पर सड़क अब भी बंद

Zoom News : Oct 29, 2021, 11:26 AM
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली से बाहदुरगढ़ जाने वाले रास्ते से बैरिकेड़िंग हटा दी है। पुलिस ने लोगों की आवाजाही के लिए एक साइड से रास्ता खोल दिया है। जल्द से इसे ट्रैफिक के लिए भी खोला जा सकता है। रास्ता खुलने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। गुरुवार को दिल्ली पुलिस और हरियाणा प्रशासन के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि अभी किसानों के मंच के पास की बैरीकेडिंग नहीं हटाई गई है। पुलिस सूत्रो ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर पर किसानों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने लिए इस मार्ग पर जो अस्थाई बधाएं (बैरिकेट्स) बनाए थे। उन्हें हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार तक इस मार्ग की एक लेन को पूरी तरह से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

पश्चिमी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त अतुल कटियार ने बताया कि लोगों की सुविधा को देखते हुए टिकरी बॉर्डर से दिल्ली आने वाले मार्ग पर एक लेन को खोले जाने पर विचार चल रहा है। इस दिशा में काम भी किया जा रहा है। बहुत जल्द ही टिकरी बॉर्डर से बहादुरगढ़ दिल्ली आने वाले मार्ग को ट्रैफिक के लिए खो‌ल दिया जाएगा। नए कृषि बिलों के विरोध में किसान दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों पर पिछले नवम्बर से बैठे हुए हैं। किसान आंदोलन की आड़ में असामाजिक तत्व दिल्ली में घुसकर माहौल खराब कर सकते हैं। इस तरह के इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने बॉर्डरों की सुरक्षा बढ़ा दी थी।

इसके लिए पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर कई तरह की अस्थाई बाधाएं जैसे कील बिछा देना, सिमेंट के बड़े स्लैप खड़े कर देना व पुलिस बैरिकेट्स आदि लगाए थे। लेकिन आम लोगों को भी इसकी वजह से दिक्कतें हो रही थीं। बहादुरगढ़ व आसपास के लोगों का लगातार प्रयास था कि टिकरी बॉर्डर पर बंद ट्रैफिक को किसी भी तरह से खोला जाए। इसके लिए बॉर्डर के दोनों ओर के जिम्मेदार लोग लगातार दिल्ली पुलिस और संयुक्त किसान मोर्चा के लोगों के संपर्क में थे। लंबे समय के बाद अब टिकरी बॉर्डर से बहादुरगढ़ की एक लेन खोले जाने का रास्ता साफ हो चुका है। पुलिस ने बैरिकेड़ हटाने का काम शुरू कर दिया और जल्द ही इस रास्ते को खोल दिया जाएगा।

उधर दिल्ली पुलिस ने बताया कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते 10 महीने से बंद पड़े दिल्ली-हरियाणा और गाजीपुर सीमा पर आपातकालीन मार्ग खोलने की योजना है। किसानों की सहमति के बाद सीमाओ पर लगे बैरीकेड्स को हटाया जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER