धनतेरस से पहले सोने में 4800 रुपये का उछाल और चांदी 1.93 लाख के पार, जानें मुख्य अपडेट

धनतेरस से पहले दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में 4,800 रुपये और चांदी में 9,000 रुपये की भारी तेजी दर्ज की गई है।

राजधानी दिल्ली में धनतेरस से पहले कीमती धातुओं के दाम में भारी उछाल आया है। बुधवार को सोना 4,800 रुपये महंगा होकर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं चांदी भी 9,000 रुपये उछल गई है। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही भारतीय बाजारों में रौनक लौट आई है। खासतौर पर धनतेरस से ठीक पहले ज्वेलरी शोरूम में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है और इसी बीच अगर आप भी इस त्योहार पर सोना या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो ये खबर आपके बजट पर सीधा असर डालने वाली है। पिछले कुछ हफ्तों की सुस्ती के बाद सर्राफा बाजार में अचानक बड़ी हलचल देखने को मिली है। स्थानीय ज्वेलर्स की तरफ से बढ़ी मांग के साथ-साथ विदेशी बाजारों के मजबूत संकेतों ने कीमती धातुओं के भाव को एक झटके में काफी ऊपर पहुंचा दिया है।

दिल्ली में सोने-चांदी का नया रेट

9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत में 4,800 रुपये की जोरदार तेजी दर्ज की गई। मंगलवार को जो सोना 1,41,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, वो अब सभी टैक्स मिलाकर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी ने भी खरीदारों को चौंकाया है। चांदी की कीमत में एक ही दिन में 9,000 रुपये का भारी उछाल आया है। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 1 लाख 84 हजार रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब सभी टैक्स सहित बढ़कर 1 लाख 93 हजार रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।

अचानक क्यों महंगे हुए सोना और चांदी

कीमतों में आई इस तेजी के पीछे घरेलू के साथ-साथ ग्लोबल कारण भी जिम्मेदार हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी का कहना है कि विदेशी बाजारों में आई मजबूत रिकवरी के अलावा देश में त्योहारी मांग बढ़ने से सोने को सहारा मिला है। वहीं, ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च हेड राजीव शरण के मुताबिक, कीमतों में आया ये उछाल त्योहारों की खरीदारी करने वालों को थोड़ी राहत भी दे सकता है। दरअसल, अक्टूबर के अपने सबसे ऊंचे स्तर से सोने के भाव में करीब 8 फीसदी की गिरावट आ चुकी थी। उस समय अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, बॉन्ड यील्ड बढ़ने के अलावा फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने से व्यापारियों ने मुनाफावसूली की थी, जिससे दाम गिरे थे।

राजीव शरण ने एक अहम बात ये भी बताई कि पिछले धनतेरस पर सोने के दाम सालाना आधार पर करीब 65 फीसदी बढ़े थे। लेकिन इस बार पिछले त्योहारी सीजन से तुलना करें, तो कीमतों में महज 5 से 7 फीसदी की ही बढ़ोतरी हुई है। इससे आम ग्राहकों को बाजार में कीमतों में थोड़ी स्थिरता दिख रही है।

अमेरिकी चुनाव का असर और ग्लोबल बाजार की चाल

विदेशी बाजारों पर नजर डालें, तो वहां भी सोने-चांदी में जबरदस्त तेजी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 113 डॉलर 72 सेंट यानी 3 फीसदी उछलकर 4,043 डॉलर 93 सेंट प्रति औंस पर पहुंच गया है। इस तरह सोना एक बार फिर 4,000 डॉलर के अहम स्तर को पार कर गया है। 5 फीसदी की बढ़त के साथ 52 डॉलर 3 सेंट प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

मिराए एसेट शेरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने इस तेजी का कनेक्शन अमेरिकी राजनीति से जोड़ा है और उनके मुताबिक, अमेरिकी मिड-टर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद डॉलर कमजोर पड़ा है, जिससे कीमती धातुओं को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होने से टेक्नोलॉजी सेक्टर में रेगुलेटरी जांच सख्त हो सकती है। साथ ही डेटा सेंटर में होने वाला निवेश भी धीमा पड़ सकता है। इसका सीधा नकारात्मक असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा, जो सोने के भाव को ऊपर ले जाने का काम कर रहा है।