लखनऊ / लखनऊ से दिल्ली जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी; 29 की मौत, 20 जख्मी

Dainik Bhaskar : Jul 08, 2019, 09:42 AM
लखनऊ. उत्तरप्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बस अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। इसमें 29 यात्रियों की मौत हो गई। 20 से ज्यादा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा आगरा से 9 किमी दूर एत्मादपुर कस्बे के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ।

एसएसपी (आगरा) बबलू कुमार ने बताया कि यूपी रोडवेज की "जनरथ सेवा" बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। 29 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। डीएम आगरा एनजी रवि कुमार ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे।

5 लाख रु. की सहायता राशि का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों की हर संभव मदद के निर्देश दिए। वहीं, रोडवेज ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रु. की सहायता देने की बात कही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER