नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे में ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। क्रुणाल ने अपने पहले ही वनडे मैच में 31 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि अपनी बेहतरीन पारी के दौरान क्रुणाल पंड्या इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टॉम कर्रन पर भड़क गए।
क्रुणाल पंड्या ने जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया वो टॉम कर्रन (Tom Curran) को गुस्से में कुछ शब्द कहते दिखाई दिये। इस दौरान अंपायर और इंग्लैंड के विकेटकीपर जोस बटलर ने बीच-बचाव किया। घटना भारतीय पारी के 49वें ओवर में घटी जब हार्दिक पंड्या एक रन लेकर नॉन स्ट्राइक छोर पर पहुंचे और टॉम कर्रन ने उन्हें कुछ कहा। कर्रन की बात सुनकर पंड्या भड़क गए और उनके पीछे जाकर कुछ कहने लगे। इसके बाद अंपायर ने क्रुणाल पंड्या को आगे बढ़ने से रोका। क्रुणाल पंड्या ने कर्रन की शिकायत अंपायर से की
— tony (@tony49901400) March 23, 2021
बता दें टॉम कर्रन ने पहले वनडे में सिर्फ बातें ही की क्योंकि गेंदबाजी के मोर्चे पर वो फ्लॉप साबित हुए। क्रुणाल से बहस करने के बाद टॉम कर्रन की गेंद पर केएल राहुल ने गजब का छक्का लगाया। टॉम कर्रन ने 10 ओवर में 63 रन दिये और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। वहीं दूसरी ओर क्रुणाल पंड्या ने महज 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ डेब्यू मैच में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। अपने अर्धशतक के बाद क्रुणाल पंड्या भावुक नजर आए वो छोटे भाई हार्दिक से गले लिपटकर रोते हुए दिखाई दिये। क्रुणाल पंड्या ने अपना अर्धशतक पिता हिमांशु पंड्या को समर्पित की जिनका हाल ही में निधन हुआ है।
