देश / जितिन प्रसाद और 6 अन्य को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में शामिल किया गया

Zoom News : Sep 26, 2021, 07:04 PM
लखनऊ: यूपी की योगी सरकार का रविवार की शाम बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार हो गया। विधानसभा चुनाव से केवल छह महीने पहले हुए योगी मंत्रिमंडल विस्तार में सात विधायकों को मंत्री बनाया गया है। पिछले महीने मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में भी यूपी से सात लोगों को मंत्री बनाया गया था। संयोग से मोदी सरकार में भी एक ब्राह्मण और छह ओबोसी या दलित समाज के सांसद को मंत्री बनाया गया था। आज योगी सरकार में भी एक ब्राह्मण और छह ओबीसी या दलित को मंत्री बनाया गया है। मोदी की तरह योगी सरकार ने भी ओबीसी में गैर यादव और दलित में गैर जाटव को सरकार में शामिल किया है। 

कुछ लोग इसे संयोग नहीं प्रयोग कह रहे हैं। जिस तरह से बार बार मंत्रियों का परिचय उनकी जाति के साथ की जा रही है, माना जा रहा है कि आने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही यह प्रयोग किया गया है। मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार में लखीमपुर खीरी से सांसद अजय कुमार मिश्रा (ब्राह्मण) के अलावा, महाराज गंज के सांसद पंकज चौधरी (ओबीसी), अपना दल की अनुप्रिया पटेल(ओबोसी), आगरा से सांसद एसपी बघेल(एससी), भानु प्रताप वर्मा (एससी), मोहनलालगंज सांसद कौशल किशोर (एससी), राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा(एससी) को मंत्री बनाया गया। 

 अब योगी सरकार में ठीक उसी तरह से प्रतिनिधित्व दिया गया है। जितिन प्रसाद (ब्राह्मण) के अलावा संगीता बलवंत बिंद (ओबीसी), धर्मवीर प्रजापति (ओबीसी), पलटूराम (एससी), छत्रपाल गंगवार (ओबीसी), दिनेश खटिक (एससी) और संजय गौड़ ( एसटी) को मौका दिया गया है।

- शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ राजभवन पहुंचे।

- कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि अन्य छह राज्य मंत्री बनेंगे। 

- योगी सरकार का ये तीसरा कैबिनेट विस्तार : 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और उसके सहयोगियों ने 325 सीटें जीती थीं। उसके बाद 19 मार्च 2017 को सरकार गठन हुआ और उस वक्त पहला शपथ ग्रहण समारोह हुआ था। उसके बाद 21 अगस्त 2019 को दूसरा कैबिनेट विस्तार हुआ, जिसमें 23 मंत्रियों ने शपथ ली। अब तीसरा विस्तार आज होने जा रहा है, जिसमें 7 से 8 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

- मंत्रिमंडल विस्तार से पहले शाम 4:30 बजे भाजपा संगठन की  बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में बैठक, संगठन मंत्री सुनील बंसल भी मौजूद रहेंगे।

- इन मंत्रियों को किया जा सकता है शामिल- जितिन प्रसाद (ब्राह्मण - सवर्ण) ; डॉ. संगीता बिंद (मल्लाह ओबीसी) ; धर्मवीर प्रजापति (कुम्हार - ओबीसी) ; पलटूराम (अनुसूचित जाति) ; छत्रपाल गंगवार (कुर्मी - ओबीसी) ; दिनेश खटिक (दलित - एससी) ; संजय गौड़ (अनुसूचित जनजाति - एसटी)

- यूपी में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 5:30 बजे होगा। सभी को राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण को लेकर राजभवन में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

आपको बता दें कि मौजूदा समय में राज्य सरकार में मुख्यमंत्री समेत 23 कैबिनेट मंत्री, नौ स्‍वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 21 राज्य मंत्री हैं। राज्य विधानसभा में सदस्‍यों की संख्‍या 403 होने की वजह से नियमानुसार 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन मौजूदा समय में सिर्फ 53 मंत्री हैं और सात पद खाली हैं। उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार व फेरबदल के बाद से ही बढ़ गई थी।

बीते 8 जुलाई को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में यूपी को खास तवज्जो दी गई थी। जिसमें जातीय गणित पर साधने का प्रयास किया गया था। यूपी से बनाए गए सात नए मंत्रियों में चार ओबीसी, दो दलित और एक ब्राह्मण समाज के थे। मोदी के कैबिनेट में यूपी का मजबूत प्रतिनिधित्व है। यह पहली बार है जब केंद्रीय कैबिनेट में यूपी से रिकॉर्ड 15 मंत्री बनाए गए हैं।

भाजपा यूपी चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है। पार्टी ने बूथों को मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी यूपी में तीन दिन प्रवास किया और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि 2022 के चुनाव में भाजपा यूपी में 350 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। वहीं, सपा ने 400 विधानसभा सीटें जीतने की बात कही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER