देश / यूपी में खुलेगा देश का पहला किन्नर विश्‍वविद्यालय

Live Hindustan : Dec 26, 2019, 10:28 AM
लखनऊ: कुशीनगर के फाजिलनगर ब्लॉक के नकटहा मिश्र में देश का पहला किन्नर (ट्रांसजेंडर) प्राथमिक केंद्रीय विश्वविद्यालय खुलेगा। सोमवार को देवरिया सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने विवि का शिलान्यास किया। विवि का निर्माण अखिल भारतीय किन्नर शिक्षा सेवा ट्रस्ट करा रहा है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय में किन्नर समाज के लिए कक्षा एक से लेकर पीएचडी तक सभी विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। यह भारत का इकलौता ऐसा संस्थान होगा, जिसमें इस समाज के लोग उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी 15 जनवरी से किन्नर समाज द्वारा पाले जा रहे दो बच्चों के प्रवेश के साथ प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। फरवरी-मार्च से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।

सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि किन्नर समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐसे विवि की स्थापना करना पुनीत कार्य है। इससे इस समाज के लोग अन्य व्यक्तियों की तरह शिक्षित होकर समाज को नई दिशा दे सकेंगे।

किन्नर पढ़-लिख समाज की मुख्यधारा से जुड़ेंगे

कुशीनगर जिले के फाजिलनगर ब्लॉक के नकटहा मिश्र में पहले किन्नर (ट्रांसजेंडर) प्राथमिक केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया गया।इस अवसर पर विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने कहा कि कुशीनगर में किन्नर विश्वविद्यालय की स्थापना होने से इनको भी पढ़ने-लिखने का अधिकार मिल सकेगा।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष विनय प्रकाश गोंड़, हियुवा के जिला संयोजक चन्द्रप्रकाश चमन, छात्र संघ अध्यक्ष सत्यम शुक्ला, किन्नर समाज की महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। इस दौरान महामंडलेश्वर बरखा, पायल, नायक राजकुमारी किन्नर, अनिता, भाजपा नेता अजय तिवारी, राधेश्याम , राणाप्रताप मिश्र आदि मौजूद रहे। संचालन वैभव मिश्रा और गुड्डी किन्नर ने किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER