देश / असम के पूर्व CM तरुण गोगोई की तबीयत बिगड़ी, ICU में शिफ्ट

AajTak : Sep 25, 2020, 07:22 AM
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई की तबीयत खराब है। गोगोई की तबीयत गुरुवार को ज्यादा बिगड़ने पर गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया। उनके ऑक्सीजन लेवल में गिरावट आने के बाद गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के इंटेनसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। 

रिपोर्ट के मुताबिक, तरुण गोगोई को इससे पहले गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में रखा गया था। 85 साल के तरुण गोगोई की तबीयत अचानक और खराब होने और ऑक्सीजन का लेवल गिरने पर आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। यहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। 

तरुण गोगोई साल 2001 से 2016 तक तीन बार लगातार असम के मुख्यमंत्री रहे हैं। अभी हाल में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद 26 अगस्त को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उन्हें दाखिल कराया गया। तरुण गोगोई की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसका इलाज चल रहा था। बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन सरकारी अस्पताल में उनका इलाज जारी रखा गया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ। हिमंत बिस्व सरमा और असम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा गुवाहाटी अस्पताल गए और तरुण गोगोई का हाल जाना। दोनों नेताओं ने अस्पताल के डॉक्टरों से गोगोई की तबीयत के बारे में जानकारी ली। अस्पताल की ओर से डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है जो तरुण गोगोई की तबीयत की लगातार निगरानी कर रही है। इस बारे में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि डॉक्टरों की एक टीम तरुण गोगोई की देखभाल कर रही है। सरमा ने बताया कि शुक्रवार को एम्स की एक टीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये गुवाहाटी अस्पताल के डॉक्टरों से बात करेगी और तरुण गोगोई की तबीयत के बारे में जानकारी लेगी।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER