बिजनेस / 28 दिन बाद फिर से गिरफ्तार हुए निसान के पूर्व चैयरमेन

Dainik Bhaskar : Apr 04, 2019, 09:44 AM
टोक्यो. निसान मोटर्स के पूर्व चेयरमैन कार्लोस घोस को जमानत मिलने के 28 दिन बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जापानी मीडिया के मुताबिक गुरुवार सुबह उन्हें घर से गिरफ्तार किया गया। उन पर भरोसा तोड़कर माहौल बिगाड़ने का नया आरोप लगा है।

पिछली बार भ्रष्टाचार के आरोप में हुए थे गिरफ्तार

पिछली बार 19 नवंबर 2018 को गिरफ्तारी के बाद उन्हें 6 मार्च 2019 को सशर्त जमानत मिली थी। वो 108 दिन जेल में रहे थे। नवंबर में उन्हें भ्रष्टाचार, निसान के पैसे के निजी इस्तेमाल और आय कम दिखाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, घोस सभी आरोपों को गलत बताते रहे हैं।

जापान के कानून के मुताबिक किसी आरोपी को अलग-अलग आरोप के लिए कई बार गिरफ्तार किया जा सकता है। इससे अभियोजकों को लंबे समय तक आरोपी से पूछताछ करने की अनुमति मिल जाती है।

अमेरिकी मीडिया के मुताबिक दूसरी बार गिरफ्तारी पर घोस ने अपने प्रवक्ता के जरिए कहा है कि यह निसान कंपनी के कुछ लोगों की अभियोजकों को गुमराह कर मुझे चुप कराने की कोशिश है। मैं निर्दोष हूं और हार नहीं मानूंगा। मेरे खिलाफ लगे आरोप बेबुनियाद हैं।

बुधवार को घोस ने ट्विटर के जरिए कहा था कि अगले हफ्ते प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सच्चाई बताएंगे। घोस जापान की ऑटो इंडस्ट्री के टॉप अधिकारियों में शामिल थे। उन्होंने 20 साल पहले निसान को दिवालिया होने से बचाया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER