गुरुग्राम / बेंगलुरु की नर्स से सामूहिक दुष्कर्म, गुरुग्राम के चार युवक गिरफ्तार, आरोपियों में तीन स्विमिंग के कोच

Zoom News : Mar 30, 2022, 02:53 PM
बेंगलुरु में 23 साल की एक नर्स के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में हरियाणा के गुरुग्राम के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 24 मार्च को हुई थी। इन चार युवकों में से तीन स्विमिंग के कोच हैं और एक तैराकी का प्रशिक्षण ले रहा है। 

ये चारों युवक बेंगलुरु के चामराजपेठ में एक कोचिंग क्लिनिक में आए थे। इनके नाम हैं रजत सुरेश, योगेश कुमार दलाल, शिवराणा टेकचंद्रन व देव सारोहा। रजत कई सालों से बेंगलुरु में रह रहा है, जबकि अन्य युवक फरवरी में यहां आए थे। ये चारों बेंगलुरु के संजय नगर इलाके के आरएमवी 2 स्टेज इलाके में किराए के घर में रुके थे। 

पुलिस के अनुसार आरंभिक जांच में पता चला है कि रजत की पीड़ित नर्स से दोस्ती थी। वह एक निजी अस्पताल में नर्स है। दोनों इसी माह के पहले हफ्ते में एक डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे। रजत नर्स से कई बार मिल चुका था। उसने 24 मार्च की रात पीड़िता को एक रेस्टॉरेंट में खाने पर बुलाया और फिर वहां से उसे अपने किराए के घर पर ले गया। वहां चारों ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता ने 25 मार्च को संजय नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 

चारों आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 376 डी (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही चारों को दबोच लिया था। रजत को भनक लग गई थी कि नर्स ने केस दर्ज कराया है, इसलिए उसने दिल्ली भागने की कोशिश की, लेकिन उसे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर से पकड़ लिया गया। मेडिकल रिपोर्ट में नर्स के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER