दिल्ली / दिल्ली पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोगी गैंग के सदस्य की मौत, 2 पुलिसकर्मी घायल

Vikrant Shekhawat : Oct 30, 2021, 01:27 PM
नई दिल्ली: बेगमपुर थाना पुलिस ने विरोधी गिरोह के बदमाश की हत्या करने आए गोगी गिरोह के शार्प शूटर हरियाणा में जींद के पिल्लू खेड़ा मंडी निवासी दीपक शर्मा उर्फ बच्ची उर्फ टाइगर को शुक्रवार तड़के अमन विहार इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया। बदमाश की गोली से दो सिपाही सन्नी और विकास घायल हो गए। उनके पैर और कंधे में गोली लगी है। दिल्ली पुलिस के मुखिया राकेश अस्थाना ने सिपाहियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बदमाश की गोली निरीक्षक की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी थी।

जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि केएन काटजू मार्ग इलाके में 11 अक्तूबर को गैंगवार में टिल्लू गैंग के बदमाश दीपक उर्फ राधे की हत्या मामले में पुलिस को इसकी तलाश थी। इस मामले में पुलिस अब तक गोगी गैंग के जेल में बंद दो समेत आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। टाइगर वर्ष 2019 में बेगमपुर में हुई हत्या के मामले में पैरोल पर निकलने के बाद से फरार था। बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल और बाइक बरामद की गई है। दीपक उर्फ राधे की हत्या में पुलिस ने आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में वारदात में टाइगर का हाथ होने का पता चला था।

शुक्रवार तड़के बेगमपुर थाना पुलिस को दीपक के अमन विहार इलाके में आने की सूचना मिली तो रानी खेडा में घेराबंदी की गई। सिपाही सन्नी और विकास ने अपाचे बाइक से पहुंचे टाइगर को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने की कोशिश करने लगा। बाइक फिसलने से वह गिर गया। निरीक्षक अरविंद कुमार ने पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने उन पर गोली चला दी। गोली निरीक्षक की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। सिपाहियों ने पकड़ने का प्रयास किया तो टाइगर ने उन पर भी गोलियां चलाईं। दोनों सिपाही घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दीपक पर जवाबी फायरिंग की। गोलियां लगने से दीपक घायल होकर गिर गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस मंगाकर घायल दोनों सिपाहियों और बदमाश को आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। वहां बदमाश को मृत घोषित कर दिया गया।

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में था शामिल

जांच के बाद पुलिस ने बताया कि टाइगर ने बेगमपुर इलाके में वर्ष 2019 में एक प्रॉपर्टी डीलर संजीव की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह गिरफ्तार हुआ था, लेकिन पैरोल पर जेल से निकलने के बाद फरार हो गया था। जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बेगमपुर थाना पुलिस ने बदमाश सुमित सेठी के पास से तीन अवैध पिस्टल बरामद की थीं। सुमित ने बताया था कि ये पिस्टल गोगी गैंग के शार्प शूटर दीपक उर्फ टाइगर की हैं। दीपक पर सदर रोहतक में लूटपाट का मामला भी दर्ज था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER