बॉलीवुड / यह उनका सपना था, इसके लिए उन्होंने बहुत मेहनत की: टाइगर के नया घर खरीदने पर जैकी

Zoom News : Sep 01, 2021, 04:57 PM
एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने हाल ही में अपनी मां आयशा और पिता जैकी श्रॉफ के लिए नया घर खरीदा है। उन्होंने अपने परिवार के लिए 8बीएचके का आलीशान घर खरीदा है। जिसे लेकर उनका परिवार खुश है और पिता जैकी श्रॉफ ने इसे लेकर खुशी जताई है। उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में बेटे के नये घर खरीदने की वजह बताई है। 

टाइगर नये घर में  पिता जैकी श्रॉफ, मां आयशा श्रॉफ और बहन कृष्णा श्रॉफ के साथ शिफ्ट भी हो चुके हैं। जैकी श्रॉफ का कहना है कि उनका बेटा टाइगर श्रॉफ हमेशा से ही अपनी मां आयशा के लिए नया घर खरीदना चाहता था। टाइगर हमेशा से ही मां आयशा के लिए आलीशान घर खरीदने का सपना देखते थे। अपने इसी सपने के पीछे दौड़ा करते थे।

जैकी श्रॉफ ने कहा कि बेटे का मां के लिए कुछ भी करना अद्भुत होता है। टाइगर के साथ भी ऐसा ही था और वह मां के लिए कुछ अद्भुत करना चाहता था। जैकी ने अपने बेटे को भावुक और प्यारा बताया है। जैकी ने कहा कि टाइगर को उनकी मां आयशा और उनकी दादी और नानी ने पाला है। उन्होंने कहा, इन तीनों देवियों ने ही टाइगर का पालन-पोषण किया। मैं तो काम के लिए हमेशा बाहर ही रहता था।

जैकी श्रॉफ ने बेटे के फिटनेस के प्रति समर्पण की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वो बेटे के साथ कभी काम को लेकर बातें नहीं करते हैं। हम दोनों की मुलाकात सामान्य लोगों की तरह होती है। उन्होंने कहा, मैं कभी-कभी उसके काम की तारीफ करता हूं।वो आज जो कुछ भी है, मैं भगवान और उसके चाहने वालों का धन्यवाद करता हूं। आपको बता दें कि जैकी ने बेटे के नये घर में ज्यादा वक्त बीताना शुरू कर दिया है।

जैकी की नई फिल्म 'द इंटरव्यू: नाइट ऑफ 26/11' आने वाली है। इसमें उन्होंने एक वॉर जर्नलिस्ट की भूमिका निभाई है। उनकी यह फिल्म डच फिल्म ‘द इंटरव्यू’ की रीमेक है। इससे पहले जैकी ने आखिरी बार प्रभुदेवा की ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी। आपको बता दें कि जैकी श्रॉफ को अभिनय की दुनिया में अपना करियर बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था। वो 33 साल चॉल में रहे थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER