आजमगढ़ / अवैध शराब फैक्टरी संचालक नदीम पुलिस मुठभेड़ में घायल, एक दिन पूर्व ही घोषित हुआ था 50 हजार का इनाम

Zoom News : Feb 24, 2022, 02:40 PM
पचास हजार रुपये का इनामी व अवैध शराब फैक्टरी का संचालक नदीम पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अहरौला थाना अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फुलवरिया सोफीपुर मोड़ के पास गुरुवार तड़के मुठभेड़ में उसे दबोचा गया। 

आजमगढ़ पुलिस ने मंगलवार की रात अहरौला थाना क्षेत्र के रुपईपुर गांव में छापेमारी कर अवैध शराब की फैक्टरी  पकड़ी थी। इसी फैक्टरी में निर्मित जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं फैक्टरी संचालक नदीम के साथ ही उसके तीन भाई और दो अन्य आरोपी मौके से भाग निकलने में सफल हो गए थे।

एसपी अनुराग आर्य ने सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। वहीं देर रात डीआईजी अखिलेश कुमार ने  नदीम व उसके भाइयों पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपए कर दी थी। पुलिस की चार टीमें अवैध शराब कारोबारियों की गिरफ्तारी में लगीं थीं।

गोली लगने के बाद अस्पताल में कराया भर्ती

गुरुवार तड़के चार से पांच बजे के बीच अहरौला थाना अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फुलवरिया-सोफीपुर मोड़ के पास नदीम से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अवैध शराब फैक्टरी संचालक नदीम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER