IMD Weather Update / IMD ने दी अगले कई दिन मौसम ख़राब रहने की चेतावनी

Zoom News : Jan 01, 2024, 09:36 AM
IMD Weather Update: नया साल शुरू होते ही दिल्ली-एनसीआर समेत समूचा उत्तर भारत भीषण कोहरे की चपेट में आ गया है। कई शहरों में दृश्यता शून्य हो चुकी है। इसका असर यातायात पर पड़ रहा है। कई ट्रेनें रद्द की जा रही हैं। सैकड़ों ट्रेन कई घंटे की देरी से चल रही हैं। उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। इसके साथ ही फसलों पर भी इस कोहरे का असर पड़ रहा है। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक किसी भी तरह की राहत ना मिलने की चेतावनी जारी की है।

आईएमडी के अनुसार, 1 जनवरी 2024  को 06:15 IST पर ली गई सैटेलाइट तस्वीर में पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तराखंड, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल पर कोहरे की एक परत दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, यह हालात अभी कुछ दिन और नजर आएंगे।

इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के एनसीआर इलाके में भीषण ठंड और शीतलहर का कहर जारी है। यहां न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही IMD ने कहा है कि अगले पांच दिनों तक शीतलहर में कमी के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली में भारत मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा प्रदूषण 

गिरते तापमान और बढती ठंड के अलावा दिल्ली वालों को प्रदूषण फिर परेशान करने लगा है। दिल्ली में 31 दिसंबर को AQI 382 दर्ज किया गया। वहीं नए साल पर भी इसमें किसी तरह के राहत की उम्मीद नहीं है। नए साल के जश्न पर दिल्ली-एनसीआर में जमकर पटाके फूटे हैं। जिसका असर वायु गुणवत्ता पर दिखने लगा है। कई इलाकों में सुबह 6 बजे AQI 400 के पार पहुंच चुका था। वहीं राजधानी का ओवरऑल AQI 359 दर्ज किया गया।  

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER