JHARKHAND / हजारीबाग में दो लोगों ने किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के बाद की हत्या, अदालत ने दोनों को भेजा जेल

Zoom News : May 08, 2022, 09:24 AM
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।


हजारीबाग के मतवारी भुइयां टोली से दो लोगों ने कथित तौर पर एक किशोरी को अगवा करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार को हुई और शनिवार सुबह पाखी में एक तालाब के पास किशोरी का शव मिलने के बाद 20 और 22 साल की उम्र के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


हजारीबाग कोर्ट के दो वकीलों ने शव को देखा और शोर मचाया साथ ही पुलिस को सूचना दी। जिला पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने कहा कि पीड़िता के परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली लड़की का उस समय अपहरण किया, जब वह काम से घर लौट रही थी।


हालांकि, लड़की के माता-पिता ने पुलिस को उसके अपहरण की सूचना तब तक नहीं दी जब तक उसका शव नहीं मिला। लड़की के इलाके के रहने वाले दोनों आरोपियों को पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पीड़िता के पिता ने दावा किया कि दोनों आरोपी उसकी बेटी को अच्छे से जानते थे और उनमें से एक के साथ लड़की रिलेशनशिप में थी। पीड़ित परिवार द्वारा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोनों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने शुक्रवार को सबूत को छिपाने के लिए लड़की के शव को तालाब में फेंक दिया था और वहां से भाग गए थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हजारीबाग के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER